SL vs PAK: सऊद शकील ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास, सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि
Sri Lanka vs Pakistan, 2nd Test: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच कोलंबो में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। मेहमान टीम सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। इस बीच पाक के सऊद शकील का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। पहले टेस्ट में दोहरा शतक बनाने वाले शकील ने दूसरे टेस्ट में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया है।
सात मैचों में प्रत्येक में 50 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने
दरअसल, टेस्ट की दूसरी पारी में 50 रन के आंकड़े को छूते ही शकील ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में इस फॉर्मेट में अपने पहले सात मैचों में से प्रत्येक में 50 रन बनाने वाला पहला बल्लेबाज बन गया। उन्होंने अपने करियर में अब तक 13 पारियों (7 टेस्ट) के बाद 87.50 की औसत से 875 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम दो शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं।

टेस्ट क्रिकेट की प्रत्येक पारी में की शानदार शुरुआत
शकील का उनके टेस्ट करियर में अब तक का स्कोर- 37, 76, 63, 94, 23, 53, 22, 55*, 125*, 32, 208*, 30 और 57 है। अब तक की हर पारी में उन्हें एक अच्छी शुरुआत मिली है। पाकिस्तान को इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है और टेस्ट मैच पर्थ, मेलबर्न और सिडनी में खेले जाने हैं। पर्थ और मेलबर्न की पिचों में उछाल होगा और यही लाल गेंद वाले क्रिकेट में उनकी असली परीक्षा होगी।
शकील के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका
फिर भी, बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की है और पाकिस्तान को उम्मीद है कि वह मध्य क्रम में उनके लिए एक लंबा विकल्प बने रहेंगे। शकील के पास टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में जगह बनाने का भी मौका है। उनके श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में दोबारा बल्लेबाजी करने की संभावना नहीं है क्योंकि पाकिस्तान ने अपनी बढ़त 200 के पार बना ली है।
उन्हें 1000 रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 125 और रनों की जरूरत है और अगर वह पर्थ में पहले टेस्ट में ऐसा कर लेते हैं तो खेले गए टेस्ट मैचों के मामले में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी बन सकते हैं।
शकील ने अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि
हालांकि, शकील ने सुनील गावस्कर, वेस्टइंडीज के खिलाड़ी बेसिल बुचर, पाकिस्तान के सईद अहमद और बर्ट सटक्लिफ को पीछे छोड़ दिया है। इन सभी खिलाड़ियों ने अपने पहले 6 टेस्ट मैच के प्रत्येक मुकाबले में 50 या फिर उससे अधिक रन बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications