SL vs PAK: पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने टेके घुटने, 166 पर सिमटी पूरी टीम
SL vs PAK, 2nd Test, Pakistan tour of Sri Lanka, 2023: दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। श्रीलंका की पूरी टीम पहली पारी में 166 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान की ओर से स्पिन गेंदबाज अबरार अहमद ने सबसे अधिक चार विकेट अपने नाम किए। वहीं नसीम शाह ने भी टीम को तीन बड़ी सफलताएं दिलाई।
टॉप ऑर्डर बुरी तरह फ्लॉप: पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका के बल्लेबाज शुरुआत से ही दबाव में नजर आए। निशान मदुष्का के रूप में टीम को पहला झटका 9 के स्कोर पर ही लग गया। निशान मदुष्का महज चार रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद श्रीलंका की टीम कोई भी बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रही। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने को भी जल्द ही नसीम शाह ने क्लीन बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।

मैथ्यूज 9 रन बनाकर आउट: एंजेलो मैथ्यूज श्रीलंका के सबसे अनुभवी बल्लेबाज हैं और टेस्ट में मिडल ऑर्डर की जिम्मेदारी उन पर ही है। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ इस अहम मुकाबले में वह नसीम शाह की गेंद पर 9 रन बनाकर आउट हो गए। सरफराज अहमद ने विकेट के पीछे उनका जबरदस्त कैच लेने का काम किया।
धनंजय डी सिल्वा ने जड़ा अर्धशतक: पहले मैच में शतक जड़ने वाले धनंजय डी सिल्वा ने दूसरे मुकाबले की पहली पारी में भी अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की। धनंजय डी सिल्वा ने टीम के लिए सबसे अधिक 57 रन बनाए। लेकिन अबरार अहमद ने उन्हें सऊद शकील के हाथों कैच आउट करा दिया। इसके अलावा दिनेश चंडीमल ने भी 34 रनों का योगदान दिया।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: निशान मदुष्का, दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, दिनेश चंडीमल, धनंजय डी सिल्वा, सदीरा समरविक्रमा (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: अब्दुल्ला शफीक, इमाम-उल-हक, शान मसूद, बाबर आजम (कप्तान), सऊद शकील, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), आगा सलमान, नौमान अली, अबरार अहमद शाहीन अफरीदी, नसीम शाह।












Click it and Unblock the Notifications