राजनीतिक संकट के बीच श्रीलंका क्रिकेट का बड़ा दावा, Asia Cup की मेजबानी को लेकर कही ये बात
श्रीलंका में जारी राजनीतिक और आर्थिक संकट के बावजूद श्रीलंका क्रिकेट ने एशिया कप 2022 की मेजबानी को लेकर विश्वास जताया है।
नई दिल्ली, 15 जुलाई: श्रीलंका में जारी राजनीतिक और आर्थिक संकट के बावजूद श्रीलंका क्रिकेट ने एशिया कप 2022 की मेजबानी को लेकर विश्वास जताया है। इस साल एशिया कप 2022 का आयोजन 27 अगस्त से 11 सितंबर के बीच श्रीलंका में होना है। लेकिन देश के हालात इस समय लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। श्रीलंका क्रिकेट सचिव मोहन डी सिल्वा ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा कि उन्हें एशिया कप की मेजबानी करने पर पूरा भरोसा है।

स्टेडियम के बाहर पहुंचे थे प्रदर्शनकारी
श्रीलंका क्रिकेट ने हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की मेजबानी की है। दोनों टीमों के बीच 3 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई थी। आखिरी टेस्ट मैच गाले स्टेडियम में खेला गया था, प्रदर्शनकारी गाले स्टेडियम के बाहर जमा हो गए थे। प्रदर्शनकारियों के हाथ में पोस्टर और झंडे थे। इसमें पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर सनथ जयसूर्या भी शामिल थे। जयसूर्या ने ट्वीट कर कहा था कि वे श्रीलंका के लोगों के साथ हैं। जयसूर्या ने कुछ तस्वीरें ट्वीट करते हुए लिखा था, मैं हमेशा श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा रहूंगा और जल्द ही जीत का जश्न मनाएंगे। यह बिना हिंसा के जारी रहेगा।

कल से टेस्ट सीरीज शुरू
श्रीलंका अब 16 जुलाई से पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की मेजबानी करेगा। सीरीज का पहला टेस्ट मैच 16 से 20 जुलाई के बीच गाले इंटरनेशनल स्टेडियम, गाले में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट 24 से 28 जुलाई के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला जाएगा। दोनों ही टेस्ट भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे। इससे पहले श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला खेला गया एक मात्र वॉर्मअप मैच ड्रा रहा था।

हम मेजबानी को लेकर आश्वस्त
श्रीलंका क्रिकेट के सचिव मोहन डी सिल्वा ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए कहा, "जहां तक हमारा सवाल है, हम अभी भी श्रीलंका में टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर बहुत आश्वस्त हैं।" उन्होंने कहा, "हमने हाल ही में गाले में दो टेस्ट के साथ ऑस्ट्रेलियाई दौरे की मेजबानी की है और पाकिस्तान की टीम भी देश में है।" एशियाई क्रिकेट परिषद आज इस बात का फैसला ले सकती है कि श्रीलंका को एशिया कप के 15वें संस्करण के लिए मेजबान के तौर पर बरकरार रखा जाएगा या नहीं।

6 टीमें लेंगी हिस्सा
एशिया कप के अगले सीजन में छह टीमें खेलती नजर आएंगी। अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका मुख्य ड्रॉ में पांच टीमें हैं। छठी टीम का निर्धारण इस बात से होगा कि 20 से 26 अगस्त तक खेले जाने वाले क्वालिफायर में कौन जीतेगा। क्वालिफायर हांगकांग, कुवैत, सिंगापुर और यूएई के बीच खेला जाएगा। एशिया कप 2022 टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications