SRH Vs KKR Preview: हैदराबाद में छक्कों की बारिश की तैयारी! आएगा क्लासेन का तूफान या चलेगा नरेन का जादू?
SRH Vs KKR Preview IPL 2026: आईपीएल 2026 के 45वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद अपने घर में कोलकाता नाइट राइडर्स की मेजबानी करेगी। लगातार 5 मैच जीत चुकी हैदराबाद की नजरें प्वॉइंट्स टेबल में ऊपर चढ़ने पर हैं। वहीं अजिंक्या रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर अपनी तीसरी लगातार जीत की तलाश में है। अभिषेक शर्मा और हेनरी क्लासन जैसे फॉर्म में चल रहे बल्लेबाजों को रोकना कोलकाता के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
इतने बजे शुरू होगा मुकाबला (SRH Vs KKR Preview IPL 2026)
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) है, जो लगातार 5 मैच जीतकर आत्मविश्वास से लबरेज है। वहीं दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) है, जिसने शुरुआती असफलताओं के बाद लगातार दो जीत दर्ज कर वापसी की राह पकड़ी है। रविवार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होने वाला यह मुकाबला तय करेगा कि क्या केकेआर अपनी जीत की हैट्रिक पूरी कर पाएगी या हैदराबाद आगे बढ़ता रहेगा।

फॉर्म में हैदराबाद के बल्लेबाज
सनराइजर्स हैदराबाद की मौजूदा सफलता का राज उसकी आक्रामक बल्लेबाजी है। टीम के पास सीजन के दूसरे और तीसरे सबसे सफल बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (425 रन) और हेनरी क्लासन हैं। केएल राहुल (433 रन) के बाद अभिषेक ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे पायदान पर हैं। ऊपरी क्रम में ईशान किशन और ट्रैविस हेड (पिछले मैच में 76 रन) किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं।
केकेआर के लिए जीत बेहद जरूरी
सीजन की बेहद खराब शुरुआत और पांच हार के बाद केकेआर ने पिछले दो मैचों में जीत हासिल कर प्वॉइंट्स टेबल में आठवां स्थान हासिल किया है। हालांकि, कप्तान अजिंक्य रहाणे की लीडरशिप पर अब भी सवालिया निशान हैं। रहाणे ने व्यक्तिगत रूप से मुंबई और लखनऊ के खिलाफ अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन उनकी ऑन-फील्ड रणनीतियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बेंच पर बैठे रचिन रवींद्र को आज मौका मिलता है।
कमिंस के आने से मजबूत हुई हैदराबाद
हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस की वापसी ने गेंदबाजी विभाग को संतुलित कर दिया है। ईशान मलिंगा और प्रफुल्ल हिंगे जैसे युवा गेंदबाज कमिंस के मार्गदर्शन में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरी ओर केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती की खामोशी और तेज गेंदबाजों का लचर प्रदर्शन चिंता का सबब है। उन्हें मुख्य रूप से वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी जैसे घरेलू सितारों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
सीजन के पहले चरण में जब ये दोनों टीमें ईडन गार्डन्स में भिड़ी थीं, तब हैदराबाद ने कोलकाता को 65 रनों के बड़े अंतर से मात दी थी। घरेलू मैदान और पिछली जीत की यादें हैदराबाद को मनोवैज्ञानिक रूप से आगे रखती हैं। 9 मैचों में 12 अंकों के साथ SRH फिलहाल तीसरे स्थान पर है और एक जीत उन्हें प्लेऑफ के और करीब ले जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications