South Africa ने किया WTC फाइनल में प्रवेश, रोमांचक मैच में पाकिस्तान को हराया, भारत की बढ़ी मुश्किलें
SA vs PAK: वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में जाने के लिए अब दो टीमों के बीच टक्कर रह गई है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों में से कोई एक टीम फाइनल में जाएगी क्योंकि दक्षिण अफ्रीका (South Africa) ने अपना टिकट कटा लिया है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने इतिहास रचा है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में जगह हासिल की है। मैच रोमांचक रहा और पाक टीम जीत सकती थी लेकिन अंततः 2 विकेट पर दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। कप्तान टेम्बा बवुमा भावुक हो गए।

सेंचुरियन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बैटिंग करते हुए पाक टीम ने 211 रनों का स्कोर खड़ा किया। कामरान गुलाम ने अर्धशतकीय पारी खेली। दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए डैन पीटरससन ने सबसे ज्यादा 5 विकेट अपने नाम किये। कॉर्बिन बोस्च ने खाते में 3 विकेट आए।
इसके बाद जवाब में अपनी पहली पारी के दौरान दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 301 रन बनाते हुए पाक टीम के ऊपर अच्छी लीड प्राप्त कर ली। एडन मार्करम ने सबसे ज्यादा 89 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में जलवा दिखाने के बाद कॉर्बिन 81 रन बनाने सफल रहे।
इसके बाद पाकिस्तानी टीम ने अपनी दूसरी पारी में 237 रनों का स्कोर हासिल किया। इस बार बाबर आज़म ने जिम्मेदारी से बैटिंग करते हुए 50 रनों की पारी खेली। साउद शकील ने धांसू बैटिंग का प्रदर्शन करते हुए 84 रनों की पारी खेली। इससे दक्षिण अफ्रीकी टीम को 148 रनों का लक्ष्य मिला।
जवाब में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम की स्थिति खराब हो गई। पाक गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया। 8 विकेट 99 रन बनाकर संघर्ष कर रही दक्षिण अफ्रीकी टीम को रबाडा और मार्को यानसेन ने जीत दिला दी। यानसेन ने 16 रनों की नाबाद पारी खेली। रबाडा ने नाबाद 31 रन बनाए और 2 विकेट से जीत दर्ज कर दक्षिण अफ्रीका ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बना ली। पहली बार दक्षिण अफ्रीकी टीम ने फाइनल में जगह बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications