Women's T20 World Cup: दक्षिण अफ्रीका ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को रौंद बनाई फाइनल में जगह
ICC Women's T20 World Cup: दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाकर धमाका कर दिया है, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए दक्षिण अफ्रीकी महिलाओं ने इतिहास रच दिया। अफ्रीकी टीम ने पहली बार फाइनल में जगह बनाई है। इसी साल पुरुष टीम ने भी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी। वहां भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और यह सही भी साबित हुआ। ऑस्ट्रेलियाई ओपने ग्रेस हैरिस महज 3 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गईं। उनके बाद जॉर्जिया वैरहैम भी 5 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलती बनीं।

मुश्किल स्थिति में टीम को संभालने का काम ताहलिया मैक्ग्रा और बेथ मूनी ने किया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए एक अर्धशतकीय भागीदारी की। इस बीच ताहलिया भी आउट होकर चलती बनीं, वह 27 रन के निजी स्कोर पर वापस पवेलियन लौट गईं। बेठ मूनी दूसरी साइड पर खड़ी होकर रन बना रही थीं लेकिन उनको भी 44 के निजी स्कोर पर आउट होकर जाना पड़ा।
एलिस पेरी और फ़ोबे लिचफील्ड ने अपना पूरा प्रयास करते हुए अंतिम ओवरों में टीम को एक चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने का प्रयास किया। पेरी ने 23 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 31 रनों की पारी खेली। उनके अलावा लिचफील्ड ने 9 गेंदों में 16 रन बनाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट पर 134 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
जवाबी पारी में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम भी अच्छी शुरुआत करने में नाकाम रही थी। तंजिम ब्रिट्स महज 15 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं। इसके बाद लॉरा और अन्नेके बोस्च ने मिलकर धमाल मचाया और पीछे मुड़कर नहीं देखा। दोनों के बीच लम्बी भागीदारी हुई जो जीत की दहलीज पर आकर टूटी।
लॉरा 37 गेंदों का सामना करते हुए 42 के निजी स्कोर पर आउट हुईं। उनके साथ खेल रहीं बोस्च फिफ्टी जड़ने के बाद खड़ी रहीं और लगातार रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाने में सफल रहीं। उन्होंने 48 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए और अफ्रीका ने 2 विकेट पर 135 रन बनाकर 18वें ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications