NED vs SA: नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका के छुड़ाए पसीने, हार से बाल-बाल बची मार्करम की टीम
NED vs SA: नीदरलैंड्स और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली लेकिन विपक्षी गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों के पसीने छुड़ा दिए। कम स्कोर वाले मैच में दक्षिण अफ्रीका को मिलर ने हारने से बचा लिया।
टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। नीदरलैंड्स के ओपनर बल्लेबाज माइकल लेविट खाता खोले बिना आउट हो गए। उनके बाद मैक्स ऑडॉव्ड भी 2 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। विक्रमजीत सिंह ने भी 12 रन बनाए।

विकेट पतन के बीच नीदरलैंड्स के बल्लेबाज एंगलब्रेक्ट क्रीज पर टिके और 40 रन बनाने में सफल रहे। निचले क्रम से वैन बीक ने भी 23 रनों की धाकड़ पारी खेली। इसकी बदौलत नीदरलैंड्स ने 9 विकेट पर 103 रनों का स्कोर हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए बार्टमैन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। उनके अलावा नॉर्टजे और मार्को यानसेन को 2-2 विकेट मिले।
जवाबी पारी में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत भी खराब रही। क्विंटन डी कॉक और मार्करम अपना खाता भी नहीं खोल पाए। उनके अलावा रीजा हेंड्रिक्स भी 3 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। क्लासेन भी महज 4 रन बनाकर चलते बने।
दक्षिण अफ्रीका ने अपने 4 विकेट महज 12 रनों के कुल स्कोर पर ही गंवा दिए और टीम हार की तरफ जाने लगी। इस बीच ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने मिलकर मोर्चा संभाला और विकेट पतन रोकने का भी काम किया।
स्टब्स 33 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद खेलने आए यानसेन 3 रन बनाकर चलते बने। इससे दक्षिण अफ्रीकी टीम की स्थिति एक बार फिर से खराब हो गई लेकिन मिलर खड़े थे। उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट जड़े और फिफ्टी पूरी करते हुए टीम को 4 विकेट से जीत दिला दी। मिलर ने 51 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 59 रन जड़े। दक्षिण अफ्रीकी की यह दूसरी जीत है।












Click it and Unblock the Notifications