भारत दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम का ऐलान, 5 साल बाद हुई स्टार खिलाड़ी की वापसी
south africa announce squad for india t20 series tristan stubbs gets maiden call up
नई दिल्ली। भारत दौरे पर खेली जाने वाली टी-20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। आईपीएल 2022 के बाद भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। टीम की कप्तानी टेंबा बावुमा को सौंपी गई है। टीम में कगिसो रबाडा, एनरिक नोर्खिया, डेविड मिलर और एडेन मार्करम जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं। हालांकि, आईपीएल-15 में अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले बेबी एबी यानी डेवाल्ड ब्रेविस को टीम में जगह नहीं मिली है।

5 साल बाद हुई पार्नेल की वापसी
तेज गेंदबाज वेन पार्नेल की भी दक्षिण अफ्रीकी टीम में पांच साल के बाद वापसी हुई है। अफ्रीकी टीम के लिए उन्होंने अपना आखिरी मैच 2017 के इंग्लैंड दौरे पर खेला था। इसके बाद खराब फॉर्म और फिटनेस के चलते वह टीम में वापसी नहीं कर पाए। उनके अलावा रीजा हेनड्रिक्स और हेनरिक क्लासेन की भी टीम में वापसी हुई है।

ट्रिस्ट स्ट्ब्स को मिला पहला मौका
दाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज ट्रिस्ट स्ट्ब्स को राष्ट्रीय टीम में पहली बार शामिल किया गया है। 21 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने हाल फिलहाल के समय में क्रिकेट के जानकारों को खासा प्रभावित किया है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका टी-20 चैलेंज में उन्होंने 7 पारियों में लगभग 49 की औसत और 183 के स्ट्राइक रेट से 293 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 23 छक्के भी देखने को मिले थे।
मुंबई इंडियंस ने भी आईपीएल 2022 में टाइमल मिल्स के रिप्लेसमेंट के तौर पर स्ट्ब्स को टीम में चुना था।

जल्द हो सकता है टीम इंडिया का ऐलान
इस सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान भी जल्द होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए टीम के मुख्य खिलाड़ी व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली समेत कईयों को आराम दिया जाएगा।
टी-20 सीरीज का कार्यक्रम:
पहला मुकाबला: 9 जून, दिल्ली
दूसरा मुकाबला: 12 जून, कटक
तीसरा मुकाबला: 14 जून, विशाखापट्टनम
चौथा मुकाबला: 17 जून, राजकोट
पांचवां मुकाबला: 19 जून, बैंगलुरु

दक्षिण अफ्रीका की टी-20 टीम:
टेंबा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रीजा हेनड्रिक्स, केशव महाराज, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, एनरिक नोर्खिया, मार्को यानसन, हेनरिक क्लासेन, वेन पार्नेल, ड्वेन प्रिटोरियस, तबरेज शम्सी, ट्रिस्ट स्ट्ब्स, रासी वैन डार डूसेन।












Click it and Unblock the Notifications