सौरव गांगुली बनने जा रहे हैं IPL में हेड कोच? किस टीम का जिम्मा लेंगे दादा, पहली बार बड़ी भूमिका
Sourav Ganguly: इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में एक बेहद ऐतिहासिक और चौंकाने वाला अध्याय जुड़ने जा रहा है जो दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी से जुड़ा है। आईपीएल 2026 के सीजन में टीम के खराब प्रदर्शन और छठे स्थान पर रहने के बाद मैनेजमेंट ने अब पूरी तरह से बदलाव का मूड बना लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली कैपिटल्स ने कोच हेमांग बदानी को पद से हटाने का मन बना लिया है। उनकी जगह भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार और दादा के नाम से मशहूर सौरव गांगुली आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।

आईपीएल में पहली बार कोच की भूमिका में दिखेंगे दादा
सौरव गांगुली इससे पहले आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और पुणे वारियर्स इंडिया के कप्तान रह चुके हैं, जबकि बाद में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेंटॉर और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट के रूप में भी लंबा वक्त बिताया है। हालांकि आईपीएल इतिहास में यह पहली बार होगा जब वे आधिकारिक रूप से मुख्य कोच के तौर पर डगआउट संभालेंगे।
दरअसल जेएसडब्ल्यू ग्रुप और जीएमआर ग्रुप के बीच हुए समझौते के तहत आईपीएल 2027 और 2028 के लिए टीम का पूरा ऑपरेशनल कंट्रोल जेएसडब्ल्यू के हाथों में आने वाला है। जेएसडब्ल्यू के आते ही बोर्ड चेयरमैन पार्थ जिंदल ने सौरव गांगुली के हाथों में टीम की पूरी कमान सौंपने का यह मास्टरस्ट्रोक चला है।
डगआउट में दिखेगी गांगुली और युवराज सिंह की जोड़ी
दिल्ली कैपिटल्स के फैंस के लिए यह खुशी तब दोगुनी हो गई जब इस कोचिंग स्टाफ में भारत के महान ऑलराउंडर युवराज सिंह का नाम भी जुड़ गया। सौरव गांगुली ने खुद पहल करते हुए अपने पूर्व साथी खिलाड़ी युवराज सिंह को टीम के सपोर्ट स्टाफ और मुख्य रूप से बैटिंग कोच के तौर पर शामिल करने का फैसला किया है।
युवराज सिंह के लिए भी आईपीएल में यह पहला औपचारिक कोचिंग अनुभव होने जा रहा है जो अभिषेक शर्मा जैसे युवा सितारों को निखारने के लिए जाने जाते हैं। भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली गांगुली और युवराज की यह जादुई जोड़ी अब दिल्ली कैपिटल्स को उसका पहला आईपीएल खिताब दिलाने के लिए रणनीति बनाती नजर आएगी।












Click it and Unblock the Notifications