गांगुली ने पुजारा और रहाणे को दी ये सलाह, उसके बाद ही होगी टीम इंडिया में फिर से वापसी
नई दिल्लीः भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली अजिंक्य रहाने और चेतेश्वर पुजारा से उनकी फॉर्म में वापसी चाहते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि भारतीय क्रिकेट टीम के यह दो अनुभवी टेस्ट खिलाड़ी पिछले कुछ समय से बहुत ही खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और उन्होंने विदेशी दौरों पर काफी नाजुक मौके पर रन नहीं बनाए हैं जिसका खामियाजा भारतीय टीम को हार के तौर पर भी भुगतना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीका की धरती पर हाल ही में हुई टेस्ट सीरीज इस बात की गवाह है कि पुजारा और रहाणे की खराब फॉर्म भारत को किस तरीके से सीरीज हार की ओर भी धकेल गई।

रणजी ट्रॉफी में जाएं अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा
सौरव गांगुली चाहते हैं कि यह दोनों अनुभवी खिलाड़ी अब रणजी ट्रॉफी में वापस जाएं और अपनी फॉर्म को वापस हासिल करें। चेतेश्वर पुजारा और रहाणे दोनों टेस्ट क्रिकेट का ही हिस्सा है और सफेद गेंद फॉर्मेट में उनकी कोई जगह नहीं बनती है। इन दोनों खिलाड़ियों की लंबे समय से जो फॉर्म जारी है उसके चलते कई आलोचकों को लगता है कि श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी और खिलाड़ियों को मौका देने का सही समय आ चुका है। चेतेश्वर पुजारा ने अपनी आखिरी टेस्ट सेंचुरी 2019 की शुरुआत में लगाई थी और उन्होंने अपने पिछले 16 टेस्ट मैचों में केवल 27.93 की औसत से 810 रन बनाए हैं।

गांगुली ने कहा- घरेलू क्रिकेट में फॉर्म वापस आ सकती है
दूसरी और रहाणे हैं जिन्होंने फॉर्म के चलते अपनी टेस्ट उप कप्तानी भी गवा दी है और उन्होंने पिछले साल खेले गए 13 टेस्ट मैचों में 20.82 की औसत से 479 रन ही बनाए हैं। सौरव गांगुली को लगता है कि यह दोनों इतने अनुभवी हैं कि अगर एक बार घरेलू क्रिकेट खेल लेंगे तो उनके फॉर्म वापस आ सकती है।
गांगुली ने स्पोर्टस्टार के साथ बात करते हुए बताया, "हां, दोनों काफी अच्छे खिलाड़ी हैं। उम्मीद करते हैं कि वह रणजी ट्रॉफी में वापस जाएंगे और काफी सारे रन बनाएंगे जो कि मुझे यकीन है कि वह ये कर पाएंगे। मैं फिर किसी तरह की कोई समस्या नहीं देखता हूं। सौरव गांगुली ने यह भी कहा कि पुजारा और रहाणे केवल एक ही फॉर्मेट में खेलने वाले बल्लेबाज हैं और उनको रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लेने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

दादा बोले- दोनों खिलाड़ियों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए
गांगुली रणजी ट्रॉफी को एक बड़ी प्रतियोगिता बताते हैं और कहते हैं कि हम सब ने यह प्रतियोगिता खेली है तो उम्मीद करते हैं कि रहाणे और पुजारा भी वहां पर जाकर परफॉर्म कर पाएंगे। उन्होंने इससे पहले भी रणजी ट्रॉफी में शिरकत किया है। क्योंकि वह केवल टेस्ट मैच खेलते हैं और वनडे या लिमिटेड ओवर की टीम का हिस्सा नहीं है तो किसी तरह की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
गांगुली ने महिला डोमेस्टिक टूर्नामेंट पर भी अपडेट दी और बताया कि कूच बिहार ट्रॉफी अप्रैल में शुरू हो सकती है। वह कहते हैं कि, हमारे पास कूच बिहार ट्रॉफी के लिए भी टाइम है अभी कोरोना की स्थिति को थोड़ा स्थिर हो जाने दीजिए। हम प्रतियोगिता को थोड़ा होल्ड कर सकते हैं। हम इसको अप्रैल में ही में कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications