शादी से पहले Smriti Mandhana को मिली बड़ी खुशखबरी, चैंपियन बनने के बाद ICC में गूंजा मंधाना का नाम!
Smriti Mandhana News: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान और स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना इन दिनों लगातार चर्चाओं में बनी हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्मृति 20 नवंबर 2025 को शादी रचाएंगी। शादी का लोकेशन उनका होमटाउम सांगली होगा। लेकिन शादी से पहले उन्हें एक बड़ी खुशखबरी मिली है। मंधाना को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अक्टूबर महीने के लिए ICC महिला प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।
वनडे वर्ल्ड कप दिलाने में मंधाना का अहम रोल (Smriti Mandhana News)
मंधाना ने भारत को अपना पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। स्मृति मंधाना इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए दो अन्य अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों से मुकाबला कर रही हैं। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट और ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एशले गार्डनर भी इस सम्मान के लिए मंधाना के साथ लड़ाई कर रही हैं।

वर्ल्ड कप में मंधाना का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
स्मृति मंधाना ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं। उन्होंने 9 मैचों में 54.25 की औसत से 434 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 99.08 रहा। इस प्रदर्शन के साथ ही मंधाना ने पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज का एक वर्ल्ड कप संस्करण में सर्वाधिक रन (409 रन, 2017 में) बनाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
वर्ल्ड कप में खेली कई यादगार पारियां
मंधाना ने लीग स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ क्रमशः 80 और 88 रन की शानदार पारियां खेलीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ एक करो या मरो के मुकाबले में उन्होंने शतक जड़ा और प्रतिका रावल के साथ पहले विकेट के लिए 212 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ 104 रन की ओपनिंग साझेदारी करके टीम को शानदार शुरुआत दी।
ICC प्लेयर ऑफ द मंथ की दौड़ में शामिल उनके प्रतिद्वंद्वी भी बेहतरीन फॉर्म में थे। लौरा वोल्वार्ड्ट ने टूर्नामेंट में 571 रन बनाए, जिसमें दो शतक शामिल थे। उन्होंने एक वर्ल्ड कप संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का नया रिकॉर्ड बनाया और दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फाइनल तक पहुंचाया। एशले गार्डनर ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बल्ले से 328 रन बनाए और गेंद से सात विकेट भी लिए।












Click it and Unblock the Notifications