सिराज ने याद दिलाई 26 साल पुरानी हार, भारतीय खिलाड़ी इसी तरह हुआ था बोल्ड, वीडियो तेजी से वायरल
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा टेस्ट मुकाबला रोमांचक रहा लेकिन इंग्लैंड को इसमें अंतिम सेशन में 22 रनों से जीत मिली। भारत के लिए रविन्द्र जडेजा ने क्रीज पर टिककर बेहतरीन प्रयास किया लेकिन इंग्लैंड के साथ किस्मत भी थी।
सिराज अंतिम बल्लेबाज के रूप में शोएब बशीर की गेंद पर आउट हो गए। वह डिफेंस खेल चुके थे लेकिन गेंद बल्ले से लगने के बाद लुढ़ककर विकेट में जाकर लग गई और एक गिल्ली उखड़ने से काम खराब हो गया। भारत को हार मिली और करोड़ों लोगों का दिल टूट गया।

सिराज के आउट होने की घटना जैसा पहले भी कुछ हुआ था, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। वह बल्लेबाज भी भारत का था और गेंदबाज एक ऑफ़ स्पिनर था। पाकिस्तान के सकलैन मुश्ताक के खिलाफ भारत के बल्लेबाज जवागल श्रीनाथ आउट हुए थे।
भारत के सामने पाकिस्तान ने 271 रनों का लक्ष्य रखा था और 258 रन टीम इंडिया ने बना दिए थे। इस बीच श्रीनाथ अंतिम बल्लेबाज के रूप में खेल रहे थे और मुश्ताक की गेंद को डिफेंड करने का प्रयास करने के बाद वह बोल्ड हो गए। वह सिराज के स्टाइल में आउट हुए थे। सोशल मीडिया पर सिराज श्रीनाथ दोनों के आउट होने वाले वीडियो चल रहे हैं।
गौरतलब है कि लॉर्ड्स टेस्ट मैच में भारतीय टीम का स्कोर 7 विकेट पर 82 रन था और टीम इंडिया के अंतिम तीन खिलाड़ियों ने काफी संघर्ष करते हुए इंग्लैंड के छक्के छुड़ा दिए। नितीश रेड्डी और रविन्द्र जडेजा मिलकर स्कोर 112 रनों तक लेकर चले गए। वहां से बुमराह और जडेजा इसे 147 रनों तक लेकर गए। इसके बाद अंतिम विकेट के रूप में सिराज और जडेजा थे। 170 के कुल स्कोर पर सिराज चलते बने। इस तरह भारत की टीम आउट हो गई और इंग्लैंड 22 रनों से जीत गई। टीम इंडिया के लिए जडेजा ने नाबाद 61 रनों की पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications