Singapore Open 2022: क्वार्टरफाइनल में पहुंचे पीवी सिंधु और एचएस प्रणय
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और फॉर्म में चल रहे एच एस प्रणय ने सिंगापुर ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
नई दिल्ली, 14 जुलाई: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और फॉर्म में चल रहे एच एस प्रणय ने सिंगापुर ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं इस राउंड के अन्य मुकाबलों में मिथुन और अश्मिता को हार का सामना करना पड़ा है।

सिंगापुर ओपन में आज महिला सिंगल्स में तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू ने दुनिया की 59वें नंबर की खिलाड़ी वियतनाम की हुइ लिन एंगुयेन को 19-21, 21-19, 21-18 से हराया। क्वार्टरफाइनल में सिंधु का सामना चीन की हान यि से होगा।
लिन और सिंधु के बीच कांटे की टक्कर
लिन और सिंधु के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। लिन ने पहला खेल 21-19 से अपने नाम कर लिया. इसके बाद सिंधु ने शानदार वापसी की और अगले दोनों सेटों में 21-19 और 21-18 से जीतकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। वहीं दुनिया के 19वें नंबर के खिलाड़ी प्रणय ने दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपै के चोउ तियेन चेन के खिलाफ तीन सप्ताह में दूसरी जीत दर्ज की। उन्होंने एक घंटे और नौ मिनट तक चला मुकाबला 14-21, 22-20, 21-18 से जीता।
टूर्नामेंट से बाहर हुए खिलाड़ी
अब उनका सामना जापान के कोडाइ नाराओका से होगा। किदांबी श्रीकांत को हराने वाले मिथुन मंजूनाथ आयरलैंड के एन एंगुयेन से 10-21, 21-18, 16-21 से हारकर बाहर हो गए। वहीं थाईलैंड की बुसानन ओंगबांरूंगफन को हराने वाली अष्मिता चालिहा को चीन की हान यि ने 21-9, 21-13 से हराया। दोनों ही खिलाड़ी अब सिंगापुर ओपन से बाहर हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications