ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पूरी वनडे सीरीज से बाहर हुए श्रेयस अय्यर, टीम के फील्डिंग कोच ने की है पुष्टि
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से श्रेयस अय्यर बाहर हो गए हैं। टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप ने इसकी पुष्टि की है। सीरीज का आगाज 17 मार्च से हो रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 मार्च से शुरू हो रही तीन वनडे मैचों की सीरीज से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर लोअर बैक इंजरी की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी दिलीप ने अय्यर के इस अपडेट की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि अय्यर अभी पूरी तरह चोट से उभर नहीं पाए हैं, इसलिए वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। फील्डिंग कोच टी दिलीप ने कहा है कि चोट खेल का हिस्सा है, हमारे पास सबसे अच्छी मेडिकल सुविधाएं हैं जिनके जरिए अय्यर को जल्दी फिट कर दिया जाएगा। फिलहाल अय्यर इस सीरीज के उपलब्ध नहीं रहेंगे।
अहमदाबाद टेस्ट में बैटिंग के लिए नहीं आए थे अय्यर
आपको बता दें कि श्रेयस अय्यर ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मैच में वापसी की थी, लेकिन अहमदाबाद टेस्ट के चौथे दिन अय्यर को पीठ में फिर से तकलीफ हुई थी। इसी वजह से अय्यर अहमदाबाद टेस्ट में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे थे। अय्यर को बाद में स्कैन के लिए भेजा गया। उसके बाद से ही अय्यर बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। अब संभावना यह है कि श्रेयस अय्यर को एनसीए में रिहैब के लिए भेजा जाएगा, जहां जसप्रीत बुमराह पहले से ही मौजूद हैं।












Click it and Unblock the Notifications