श्रेयस अय्यर को रातोंरात क्यों किया गया भारत की T20 टीम में शामिल? अचानक किए गए 2 बड़े बदलाव
न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट खेमे में हलचल मच गई है। बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर जानकारी दी है कि टीम के दो महत्वपूर्ण खिलाड़ी, वाशिंगटन सुंदर और तिलक वर्मा, चोट और सर्जरी के कारण इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
इन खिलाड़ियों की जगह चयनकर्ताओं ने अनुभवी श्रेयस अय्यर और फिरकी गेंदबाज रवि बिश्नोई को टीम में शामिल करने का फैसला किया है, जिससे आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों पर भी असर पड़ता दिख रहा है। टीम के स्टार स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय साइड स्ट्रेन यानी पसलियों के निचले हिस्से में खिंचाव आ गया था।

सुंदर का चोटिल होना भारतीय टीम के लिए एक बड़ा सिरदर्द है क्योंकि वह अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई मुख्य 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं। फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके सुधार पर नजर रख रही है ताकि वह वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट हो सकें। उनकी जगह अब रवि बिश्नोई पूरे सीरीज के दौरान स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दूसरी ओर, आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर तिलक वर्मा अपनी 'ग्रोइन सर्जरी' के बाद रिकवरी मोड में हैं और फिलहाल मैदान पर उतरने के लिए तैयार नहीं हैं। तिलक की अनुपस्थिति में चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर पर भरोसा जताया है, जिन्हें पहले तीन टी20 मैचों के लिए टीम में जगह दी गई है। श्रेयस अय्यर के लिए यह मौका बेहद खास है क्योंकि वह दिसंबर 2023 के बाद पहली बार भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे हैं।
वनडे के उपकप्तान हैं Shreyas Iyer
हालांकि वह वनडे टीम के उप-कप्तान हैं, लेकिन टी20 फॉर्मेट में उनकी यह वापसी वर्ल्ड कप टीम के बैकअप के तौर पर देखी जा रही है, हालांकि उनको तीन मैचों के लिए शामिल किया गया है। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी न्यूजीलैंड की चुनौती का सामना करेंगे।
स्पिन विभाग में भी हुआ बड़ा बदलाव
गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के हाथों में होगी, जबकि स्पिन का जाल बुनने के लिए कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के साथ अब रवि बिश्नोई भी उपलब्ध रहेंगे। भारत के लिए यह सीरीज अपनी कमजोरियों को सुधारने और वर्ल्ड कप से पहले अपनी प्लेइंग इलेवन को अंतिम रूप देने का आखिरी मौका साबित होगी।
भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन टी20 मैचों के लिए), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई












Click it and Unblock the Notifications