क्या T20 विश्वकप चयन में चयनकर्ताओं से हो गई बड़ी चूक? आखिर कैसे इस खिलाड़ी को नहीं मिली जगह
आगामी टी-20 विश्वकप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। टीम में 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया है और चार खिलाड़ियों को रिजर्व के तौर पर रखा गया है। टीम के ऐलान के साथ ही कुछ खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिलने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
टीम इंडिया के ऐलान के बाद से टीम के 15 खिलाड़ियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर कैसे जबरदस्त फॉर्म में चल रहे केएल राहुल को टीम में जगह नहीं दी गई। साथ ही टीम में चार स्पिन गेंदबाजों का चयन किया गया है, इसपर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

दरअसल केएल राहुल जिस तरह की बेहतरीन फॉर्म में हैं, उसे देखते हुए उन्हें टीम से बाहर रखना एक बड़ी चूक माना जा रहा है। केएल राहुल ना सिर्फ एक टॉप क्लास बल्लेबाज हैं बल्कि एक बेहतरीन विकेटकीपर भी हैं।
उन्होंने पिछले वनडे विश्वकप में कई अहम पारियां खेली। आईपीएल में भी वह जबरदस्त फॉर्म में हैं। ऐसे में उन्हें टीम में शामिल करने से निसंदेह भारतीय टीम की बल्लेबाजी मजबूत होती और बल्लेबाजी में गहराई भी आती।
हालांकि अब सवाल यह उठता है कि उन्हें किसकी जगह टीम में शामिल करना चाहिए था। बात करें तो वेस्टइंडीज की पिचों की तो यहां पर स्पिन गेंदबाजों को खास मदद मिलने की उम्मीद कम है।
पूर्व क्रिकेटर मदन लाल का भी मानना है कि कैरेबियन पिच पर गेंद बहुत ज्यादा घूमती नहीं है। हालांकि गेंद नीचे रहती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। लेकिन टी-20 गेम में टीम बल्लेबाजी में गहराई को वरीयता देती हैं।
गौर करने वाली बात है कि इस बार टी-20 विश्वकप का आयोजन वेस्टइंडीज और अमेरिका में किया जाएगा। 2 जून से 29 जून तक विश्वकप खेला जाएगा। इसके लिए कई देशों की टीम का ऐलान हो चुका है।
किसकी जगह मिलनी चाहिए थी जगह
भारतीय टीम में युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को जगह मिली है। टीम के ऐलान के बाद से ही इसको लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्रिकेट विश्लेषकों की मानें तो अक्षर पटेल की जगह टीम में केएल राहुल को जगह दी जानी चाहिए थी।
बात करें तो ऑलराउंडर की तो टीम के पास हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा दो खिलाड़ी पहले से ही हैं। ऐसे में एक स्पेशलिस्ट स्पिन गेंदबाज के तौर पर चहल या कुलदीप यादव खेल सकते हैं। जबकि 3 तेज गेंदबाज के तौर जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह टीम में खेल सकते हैं।
संभावित प्लेइंग 11
बहरहाल अगर विश्वकप में प्लेइंग 11 की बात करें तो संभव है कि टीम इंडिया 5 बल्लेबाज, 2 ऑलराउंडर, 4 गेंदबाज के साथ मैदान में उतरे। ऐसे में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल,सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह हो सकती है।
ऑलराउंडर के तौर पर भारतीय टीम के पास हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी हैं। लेकिन हार्दिक पांड्या आईपीएल में गेंद से खास प्रभाव छोड़ने में सफल रहे हैं। ऐसे में उनपर जरूर हर किसी की नजर रहेगी।
अगर स्पिन ऑलराउंडर की बात करें तो भारत रवींद्र जडेजा को निसंदेह टीम में शामिल करेगी, ऐसे में अक्षर पटेल की टीम में जगह बन पाना मुश्किल लग रही है। भारत 5 बल्लेबाज, दो ऑलराउंडर जिसमे हार्दिक और रवींद्र जडेजा का खेलना तय है।
टीम का संतुलन
इसके साथ ही भारत तीन तेज गेंदबाजों को जरूर टीम में रखना चाहेगा, जिसमे जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह का खेलना लगभग तय है। टीम में 11वें खिलाड़ी के तौर पर भारतीय टीम एक स्पेशलिस्ट स्पिन गेंदबाज को जगह दे सकती है, जिसके लिए कुलदीप सिंह और युजवेंद्र चहल सबसे आगे हैं।
भारतीय टीम में अगर हार्दिक पांड्या को बतौर ऑलराउंडर शामिल किया गया है तो उन्हें तेज गेंदबाज के तौर पर एक विकल्प रखा गया है। ऐसे में बल्लेबाजी में गहराई देने के लिए एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज की जगह टीम में जरूर बनती है, जिसके लिए केएल राहुल एक बेहतरीन विकल्प हो सकते थे।
बहरहाल देखने वाली बात यह है कि क्या विश्वकप में भारतीय टीम बेस्ट प्लेइंग 11 बना पाएगी, जो देश के लिए एक बार फिर से विश्वकप ला सके।
विश्वकप के लिए टीम इंडिया
रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज












Click it and Unblock the Notifications