'हाथी को लंच में खा गए', अफगानिस्तान की जीत पर शोएब ने सुनाया हाथी-शेर का किस्सा
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिस तरह से बड़ा उलटफेर करते हुए अफगानिस्तान ने टी-20 विश्वकप मैच में जीत दर्ज की है उसके बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने तारीफ की है। उन्होंने राशिद खान की अगुवाई वाली टीम की जमकर तारीफ की और ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करके शोएब अख्तर ने कहा कि वो कहते हैं ना हाथी शेर से 10 गुना बड़ा होता है, 80 गुना ज्यादा समझदार होता है। लेकिन अफगानिस्तान ने हाथी को अपना लंच बना लिया। ये लोग उन्हें खा गए। एटिट्यूड काफी मायने रखा है।

आज अफगानिस्तान ने ना सिर्फ अपना बदला लिया बल्कि अपने तेवर भी साफ कर दिए हैं। राशिद खान का नेतृत्व जबरदस्त है। वो कहते हैं कि लीडरशिप 80 फीसदी दिमाग की बात है, 20 फीसदी स्किल। यही वजह है कि इन लोगों को बड़े हाथी का लंच करने का मौका मिला।
जहां तक ऑस्ट्रेलिया की बात है, उन्हें कोई हरा नहीं सकता है, अगर वो विश्वकप में अपना सर्वश्रेष्ठ दें। आप सहमत हों या ना, ऑस्ट्रेलिया से बेहतर कोई भी विश्वकप नहीं खेल सकता है। लेकिन अफगानिस्तान की टीम का रवैया शेर का था।
बता दें कि मैच में अफगानिस्तान की ओर से गुलबदीन टीम के हीरो बनकर सामने आए, उन्होंने 20 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल को भी पवेलियन भेजा जोकि 41 गेंदों पर 59 रन के स्कोर पर थे। मैक्सवेल के विकेट से ही मैच का रुख पलट गया। 149 रनों के लक्ष्य के सामने ऑस्ट्रेलिया 127 रन पर ही ढेर हो गई।
इससे पहले अफगानिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज रहमतुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने जबरदस्त शुरुआत की। गुरबाज ने 49 गेंद पर 60 रन बनाए, जबकि जादरान ने 48 गेंदों पर 51 रन बनाए। हालांकि मैच में पैट कमिंस ने हैट्रिक ली थी, लेकिन यह टीम के काम नहीं आई।












Click it and Unblock the Notifications