जब काले रंग के चलते लड़की ने धवन को कर दिया था रिजेक्ट, शिखर ने सुनायी प्रपोजल की पुरानी कहानी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो चुका है, जहां पर खेले गये 13 मैचों में चैम्पियन टीमों का हाल बुरा है और जीत का खाता तक नहीं खुल सका है। 2015 से लेकर 2021 तक के सीजन की बात करें तो सिर्फ मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने ही खिताब जीता है लेकिन इस सीजन तीनों ही टीमें अब तक एक भी मैच नहीं जीत पायी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना तीसरा मैच खेला था जहां पर टीम रनों का पीछा करने में नाकाम रही और 54 रनों से मैच हार गई।

पंजाब किंग्स के लिये इस मैच में शिखर धवन (33) और लियाम लिविंगस्टोन (60) ने खराब शुरुआत के बाद मैच का रुख बदलने का काम किया और 10 ओवर के अंत तक टीम का स्कोर 108 पर पहुंचा दिया। इस तेज तर्रार पारी की बदौलत पंजाब किंग्स की टीम ने 180 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और चेन्नई को 126 पर समेटकर बड़ी जीत हासिल की।
और पढ़ें: IPL 2022 में ऋषभ पंत से ये शॉट सीखना चाहते हैं डेविड वॉर्नर, लखनऊ के खिलाफ बताई रणनीति

सुनायी फैन्स की अजीब कहानी
मैच के बाद पंजाब किंग्स की फ्रैंचाइजी ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया है जिसमें होटल वापस जाते हुए टीम बस में शिखर धवन के साथ खास बात-चीत शामिल है। इसी वीडियो में शिखर धवन पंजाबी में बातचीत करते नजर आ रहे हैं और अपने जीवन से जुड़े कुछ किस्सों को सुनाया।
इस दौरान जब उनसे क्रेजी फैन्स के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,'मेरे 5-6 फैन्स ऐसे हैं जो बिल्कुल मेरी तरह ही दिखते हैं, उन्होंने बाल मेरी तरख रखे हैं और उनके पूरे शरीर पर मेरा पारिवारिक टैटू है, तो कुछ के ऊपर मेरे चेहरे का टैटू है। वो मेरे सारे मैच देखने आते हैं, कुछ ने मैसेज करके मुझसे संपर्क किया तो कुछ मुझसे मिलने आये थे।'

जब लड़की ने किया रिजेक्ट तो क्या बोले धवन
इस दौरान धवन ने अपने खेल के दिनों की एक कहानी सुनायी जब उन्होंने एक लड़की को प्रपोज किया था और उसने उनके रंग को देखकर रिजेक्ट कर दिया था।
उन्होंने कहा,'एक बार मैंने एक लड़की को प्रपोज किया था और उसने मुझे मना कर दिया था। उस वक्त हम खेलते थे और अभ्यास ज्यादा करते थे तो अपना रंग थोड़ा ज्यादा काला था, तो उसने वो रंग देखकर मुझे मना कर दिया। तो मैंने उसे कहा कि तुमने एक कोहिनूर हीरे को मना किया है, आज वो जब मुझे देखती होगी तो तकिये में मुंह रखकर रोती होगी कि काश उस दिन मना न किया होता।'
अच्छी लय में नजर आ रही है पंजाब किंग्स
गौरतलब है कि शिखर धवन इस साल दिल्ली कैपिटल्स के बजाय पंजाब किंग्स के खेमे से जुड़े हैं और वो टीम में अक्सर अपने मजाकिया अंदाज के लिये पसंद किये जाते हैं। सोशल मीडिया पर भी फैन्स की अच्छी खासी फॉलोइंग है जिस पर धवन काफी एक्टिव रहते हैं। आपको बता दें कि मयंक अग्रवाल की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की टीम ने इस सीजन 3 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें 2 में जीत मिली है। पंजाब को अपना अगला मैच शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ ब्राबोर्न स्टेडियम में खेलना है।












Click it and Unblock the Notifications