शिखर धवन ने बल्लेबाजों के सिर बांधा जीत का सेहरा, डेब्यू में 10 रन बनाने वाले आवेश को लेकर कही यह बात
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 25। वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में 2 विकेट से हराने के बाद टीम इंडिया ने अपने 16 साल पुराने रिकॉर्ड को बरकरार रखा है। दरअसल, 2006 के बाद से टीम इंडिया वेस्टइंडीज में कोई वनडे सीरीज नहीं हारी है और अब शिखर धवन की कप्तानी में भी भारतीय टीम ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय कप्तान शिखर धवन ने जीत के बाद बल्लेबाजों की खूब तारीफ की है। यहां तक की उन्होंने इस मैच में डेब्यू करने वाले आवेश खान के भी 10 रनों की तारीफ की है।

धवन ने बल्लेबाजों के सिर सजाया जीत का ताज
मैच खत्म होने के बाद शिखर धवन ने कहा कि पूरी टीम का प्रदर्शन बहुत ही शानदार था। श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और संजू सैमसन ने कमाल की पारियां खेली, यहां तक कि डेब्यू करने वाले आवेश खान ने भी 11 रनों की अहम पारी खेली। धवन ने कहा कि सबसे अच्छी बात यह रही कि खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास नहीं खोया। शिखर धवन ने इस दौरान कहा कि सभी खिलाड़ी आईपीएल की बदौलत ही बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन कर पा रहे हैं।
विंडीज के बल्लेबाजों ने अच्छा किया- धवन
धवन ने विंडीज के बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि निकोलस पूरन और शाई होप ने अच्छी बल्लेबाजी की, हमने फिर सोचा कि अगर वो इस तरह से बैटिंग कर सकते हैं तो हम क्यों नहीं। धवन ने कहा कि शुभमन गिल और मैंने शुरुआत भले ही थोड़ी धीमी की थी, लेकिन बाद में अय्यर और संजू सैमसन ने अच्छी साझेदारी की। धवन ने इस दौरान शाई होप को उनके शतक के लिए बधाई दी। धवन ने कहा कि शाई होप ने अपने 100वें वनडे में 100 रन बनाए, जो उनके लिए काफी अच्छा अनुभव था। मैं उन्हें बधाई देना चाहता हूं।












Click it and Unblock the Notifications