'वो हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे', 84 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए असरानी, टूटा 'गब्बर' का दिल
Shikhar Dhawan Tribute To Asrani: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और 'शोले' में जेलर की भूमिका निभाने वाले असरानी अब हमारे बीच नहीं रहे। गोवर्धन असरानी का 84 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। सोमवार शाम करीब 4 बजे लंबी बीमारी के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। 350 से अधिक हिंदी फिल्मों में अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने वाले असरानी के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।
शिखर धवन ने दी असरानी को श्रद्धांजलि (Shikhar Dhawan Tribute To Asrani)
क्रिकेट जगत से भी कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें याद किया। धवन ने लिखा कि असरानी जी की अविश्वसनीय कॉमिक टाइमिंग और करिश्मा को देखकर बड़ा हुआ हूं। वह भारतीय सिनेमा के सच्चे प्रतीक थे। उनकी विरासत हमेशा जिंदा रहेगी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

युवराज सिंह का भी टूटा दिल
असरानी के निधन से क्रिकेट जगत भी स्तब्ध है। शिखर धवन के अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। युवराज ने लिखा कि उनके और कई लोगों के बचपन की ढेर सारी यादें असरानी जी की आवाज़ और भावों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि बहुत कम कलाकार ही लोगों को उस तरह हंसा पाते थे, जिस तरह असरानी हंसाते थे।
बॉलीवुड में असरानी का रहा दबदबा
असरानी ने अपने पांच दशक से अधिक लंबे करियर में अनगिनत यादगार भूमिकाएं निभाईं। उनकी सबसे प्रतिष्ठित भूमिकाओं में 'शोले' का वह विचित्र जेलर शामिल है, जिसका संवाद हम अंग्रेज़ों के ज़माने के जेलर हैं! आज भी लोगों की जुबान पर है। इसके अलावा 'भूल भुलैया', 'ऑल द बेस्ट' और 'धमाल' जैसी फिल्मों में भी उनकी भूमिकाओं ने दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई।












Click it and Unblock the Notifications