वर्ल्ड कप में रोहित, राहुल, कोहली को आउट करने के लिए क्या तरकीब लगाई, अफरीदी ने किया खुलासा
नई दिल्लीः शाहीन अफरीदी दुनिया के ऐसे उभरते हुए तेज गेंदबाज हैं जिनको लोग देखना चाहते हैं। बाए हाथ के महान गेंदबाज तेजी से कम होते जा रहे हैं और पाकिस्तान से एक महान तेज गेंदबाज देखे हुए काफी समय हो चुका है। अफरीदी में आगे बढ़ने की पूरी काबिलियत दिखाई देती है। शाहीन अफरीदी को दुनिया में पहले ही नाम मिल रहा था लेकिन भारत का ध्यान उन पर टी20 वर्ल्ड कप में गया जब उन्होंने टीम इंडिया की बैटिंग को बहुत तंग किया। नई गेंद से अफरीदी दोनों टीमों के बीच का फर्क भी साबित हुए।

शाहीन शाह का शहंशाह अंदाज-
पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुए वर्ल्ड कप में अफरीदी ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल के विकेट लिए थे और पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पहली बार जीत का स्वाद चखा था।
अफरीदी ने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा को जीरो पर एलबीडब्लू कर दिया और फिर बाद में तीन रनों पर संघर्ष कर रहे केएल राहुल की पारी को भी समाप्त कर दिया।

तिकड़ी को आउट करने का क्या प्लान बनाया था-
अफरीदी ने क्रिकबज को बताया, "रोहित, राहुल और कोहली उनके (भारतीय टीम के) टॉप बल्लेबाज हैं और दुनिया के तीन सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। कोहली उनकी रीढ़ हैं। और एक बार जब आप उन्हें आउट कर लेते हैं तो मध्यक्रम के लिए मुश्किल हो जाती है। उनमें से एक आखिरी ओवरों तक बल्लेबाजी करता है जिससे बाद में बल्लेबाजी करने के लिए आने वालों के लिए यह आसान हो जाता है। मुझे उस मैच में कुछ स्विंग मिल रही थी और टीम वैसे भी मुझसे जल्दी विकेट की उम्मीद करती है - इसलिए मैं इसे रोहित और राहुल के सामने गेंद लाने की कोशिश कर रहा था और उन दोनों को आउट करने में सफल था।"

कोहली को तब चलता किया जब वे फिफ्टी जड़ चुके थे
कोहली तब कप्तान थे और उन्होंने 49 गेंदों पर 57 रन बनाए जिसके चलते भारत ठीक सा स्कोर करने में सफल था लेकिन खराब गेंदबाजी और रिजवान की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने भारत को कोई मौका नहीं दिया क्योंकि उस मुकाबले बाबर आजम भी एक क्लास साबित हुए थे
अफरीदी मैच में अपनी घातक बॉलिंग के बारे में आगे बात करते हुए कहते हैं, "मैं जिस छोर से गेंदबाजी कर रहा था, लेग साइड की बाउंड्री छोटी थी, लगभग 60-65 मीटर थी। अगर मैं उसे (कोहली) सीधी और तेज गेंदबाजी करता, तो वह फ्लिक करता या रनों के लिए खींचता। इसलिए मैं चीजों को मिक्स करना चाहता था और उस पर धीमी बाउंसर फेंकना चाहता था। तब उनके लिए लेग साइड को निशाना बनाना मुश्किल हो जाता। किस्मत से मेरे लिए ऐसा हुआ और कोहली आउट हो गए। मैं विराट कोहली की बहुत प्रशंसा करता हूं, वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।"

वर्ल्ड कप नहीं जीत सके पर भारत को हराया-
21 साल के शाहीन अफरीदी ने आगे कहा कि वह उनके लिए बहुत अच्छा दिन था। बहुत सारे लोग भारत-पाकिस्तान के मैच देखते हैं, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें क्रिकेट पसंद नहीं है। अफरीदी कहते हैं कि जब मैं उस जीत को पीछे मुड़कर देखता हूं तो मुझे बहुत गर्व होता है। हम विश्व कप नहीं जीत सके लेकिन भारत के खिलाफ उस मैच में अच्छा प्रदर्शन किया और मैं अगले विश्व कप में भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications