सरफराज खान ने रणजी फाइनल में भी ठोका शतक, खूब हुए भावुक, मूसेवाला की तरह जश्न मनाया
बेंगलुरु, 23 जून: रणजी ट्रॉफी में मुंबई का मुकाबला मध्य प्रदेश से चल रहा है जहां दोनों टीमें फाइनल मैच में प्रतिष्ठित ट्रॉफी को कब्जाने के लिए उतर रही है। पहले मैच में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हो रहे मुकाबले में टीम को अच्छी शुरुआत दी। हालांकि मध्यक्रम थोड़ा लड़खड़ा गया जिसके चलते मुंबई की टीम एक बड़ा स्कोर बनाने में विफल रही लेकिन सरफराज खान एक बार फिर से सनसनी बन कर उभरे।
Recommended Video

7 पारियों में 133.83 की औसत के साथ 803 रन बनाए
सरफराज खान वह खिलाड़ी है जो रणजी ट्रॉफी में डोनाल्ड ब्रैडमैन की तरह से खेलते हैं और उन्होंने अपने नाम एक और शतक कर दिया। सरफराज खान रनों के उस रथ पर सवार है जिसकी कल्पना करना बाकी खिलाड़ियों के लिए इतना आसान नहीं है। उन्होंने इस सीजन में फाइनल से पहले खेले पांच मुकाबलों की 7 पारियों में 133.83 की औसत के साथ 803 रन बनाए हैं और यह काफी तेज गति से बनाए गए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 71.57 रहा।

मूसे वाला की तरह सेलिब्रेशन भी किया
सरफराज खान ने इस सीजन में अभी तक 3 शतक लगाए हैं। सरफराज ने जैसे ही रणजी ट्रॉफी फाइनल में शतक लगाया वह खुशी के मारे भावुक हो गए उन्होंने काफी देर तक मैदान में दौड़ कर अपना बल्ला हिलाया। इस दौरान वे लगातार भावनाओं के समुंदर में डूबे हुए दिखाई दिए, उनकी आंखों में शायद आंसू भी निकले होंगे और बाद में उन्होंने दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसे वाला की तरह सेलिब्रेशन भी किया।

अभी आईपीएल में प्रतिभा नहीं दिखा पाए हैं
सरफराज खान अपनी उम्र से काफी बड़े दिखते हैं क्योंकि उनका शरीर भारी है लेकिन रन बनाने की गति में कोई अंतर नहीं आता। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं जिन्होंने अभी तक 46 आईपीएल मुकाबलों में भी शिरकत की है पर यहां पर उनकी प्रतिभा उस तरीके से नजर नहीं आई है क्योंकि वह 24.18 की औसत के साथ 532 रन बना पाए हैं।

सरफराज का औसत सर डोनाल्ड ब्रैडमैन के बाद है
फाइनल मुकाबले में लगाया गया शतक सरफराज खान के 24 फर्स्ट क्लास गेम्स में आया आठवां है। यहां पर उनका औसत 81 का है। वह खिलाड़ी जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2000 या उससे ज्यादा रन बना चुके हैं उसमें सरफराज का औसत सर डोनाल्ड ब्रैडमैन के बाद है। अब कई दिग्गज लोग सरफराज खान को भारतीय क्रिकेट टीम के रेड बॉल फॉर्मेट में लेने की पैरवी करते हैं क्योंकि उनका मानना है सरफराज खान और ऐसा क्या करें जो टीम इंडिया के चयनकर्ता उनको बुलावा भेजें।
सरफराज खान का चौथा शतक इस सीजन में
यह इस रणजी ट्रॉफी में ठोका गया सरफराज खान का चौथा शतक था जो 190 गेंदों पर आया। इस पारी में सरफराज खान गौरव यादव की गेंद पर चोटिल भी हुए और फीजियो को मैदान में बुलाना पड़ा जिसके बाद उन्होंने अपनी पारी को फिर से शुरू किया। अगर हम मुकाबले की बात करें तो मुंबई की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर साढ़े तीन सौ का स्कोर पार कर दिया था और सरफराज खान शतक लगाकर क्रीज पर बने हुए थे। एमपी की ओर से गेंदबाजों में अनुभव अग्रवाल ने 3 विकेट चटकाए हैं और अभी तक सारांश जैन व गौरव यादव भी दो-दो विकेट ले चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications