IND Vs ENG: सरफराज के डेब्यू के बीच सोशल मीडिया पर छाई पिता नौशाद की 'जैकेट', खास संदेश ने जीता लोगों का दिल
India vs England, 3rd Test: पांच मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। मैच से पहले जब टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का ऐलान हुआ तो ये सरफराज खान के लिए एक बहुत बड़ा पल था, क्योंकि 26 वर्षीय बल्लेबाज को गुरुवार को राजकोट में डेब्यू का मौका मिला।
टॉस से ठीक पहले महान स्पिनर अनिल कुंबले ने उन्हें टेस्ट कैप सौंपी। इस दौरान सरफराज के पिता मैदान पर मौजूद थे और वह अपने आंसू नहीं रोक सके। कैप लेने के बाद सरफराज सीधे अपने माता-पिता के पास पहुंचे। जहां एक भावुक पल देखने को मिला। सरफराज के पिता ने उन्हें गले लगा लिया। इस दौरान पिता नौशाद की जैकेट सुर्खियों में आ गई।

दरअसल, जब सरफराज अपने पिता के गले लग रहे थे, तब उनके पिता की जैकेट के पीछे एक खास संदेश लिखा नजर आया। सरफराज के पिता की जैकेट पर लिखा था, 'Cricket Is Gentleman Everyone's Game' जैकेट पर लिखी लाइन में जेंटलमेन कटा हुआ था और उसके ठीक नीचे लिखा था कि 'Cricket Is Everyone's Game'। उन्होंने इसके जरिए संदेश दिया है कि क्रिकेट जेंटलमेन का नहीं बल्कि हर किसी का खेल है।
नौशाद गुरुवार को राजकोट में सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन में थे और उन्होंने अपने बेटे के कैप प्रस्तुति समारोह को करीब से देखा। उन्होंने अपने बेटे की पहली कैप अपने हाथों में ली और उस बैज को चूमा जो इतने समय तक उनके बेटे से दूर था, इस दौरान नौशाद के चेहरे पर गर्व और खुशी की भावना को साफ देखा जा सकता था।
भारत बनाम इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुबमन गिल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फॉक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन।












Click it and Unblock the Notifications