संजू सैमसन बनाम सूर्यकुमार यादव, 37 टी20 के बाद किसका रहा बेहतरीन रिकॉर्ड, दोनों में कौन आगे
Sanju Samson vs Suryakumar Yadav: भारतीय टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस प्रारूप में अपने बल्ले से जलवा दिखाने का काम किया है। सूर्या ने तहलका मचाते हुए बड़े-बड़े गेंदबाजों को झुकने पर मजबूर कर दिया। सूर्या ने अपने 360 डिग्री गेम से टीम इंडिया को कई बार जीत दिलाई है।
टी20 में सूर्या जैसा बल्लेबाज इस समय टीम इंडिया में नहीं है, भले ही इस समय वह उस हिसाब फॉर्म दर्शाने में नाकाम रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में सूर्यकुमार यादव ने अपना अंतिम टी20 खेला था, इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खेली जाएगी।

भारतीय टीम के एक और धाकड़ खिलाड़ी संजू सैमसन ने पिछली दो टी20 सीरीज में तीन शतक जमाने का काम किया है। सैमसन ने दक्षिण अफ्रीमा में दो शतक जड़े थे। उन्होंने टी20 में अब तक कुल 37 मैच खेले हैं और उस हिसाब से उनकी तुलना सूर्या के 37 मैचों से करना दिलचस्प होगा।
संजू सैमसन के आंकड़े
भारतीय टीम के लिए संजू सैमसन ने कुल 37 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उनको 33 मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। सैमसन के बल्ले से 810 रन आए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 2 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। तकरीबन 28 के औसत से सैमसन ने ये रन बनाए हैं और स्ट्राइक रेट 155 का रहा।
सूर्यकुमार यादव के आंकड़े
सूर्या ने भारत के लिए अब तक कुल 78 टी20 खेले हैं लेकिन यहाँ उनके शुरुआती 37 मैचों के आंकड़ों को ही लिया गया है। सूर्या ने इस दौरान 1179 रनों का आंकड़ा हासिल किया है। सूर्यकुमार यादव ने ये रन 40.65 के औसत से बनाए हैं। सूर्या के बल्ले से 11 अर्धशतक और एक शतक आया है। 117 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा है।
दोनों में आंकड़ों के आधार पर कौन आगे
आंकड़ों से साफ़ हो जाता है कि आगे कौन है। शायद यही कारण है कि सूर्यकुमार यादव ने टी20 क्रिकेट में दुनिया भर में अपना नाम कर दिया। संजू सैमसन पिछले कुछ मैचों में चले हैं। इससे पहले खेले गए मैचों में सैमसन का बल्ला नहीं चल पाया था। वह रनों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। सूर्या का खेल अलग स्तर का रहा है।












Click it and Unblock the Notifications