जसप्रीत बुमराह को कप्तानी मिलने पर उनकी पत्नी संजना गणेशन ने बताई परिवार की प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा
नई दिल्ली, जुलाई 01। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच के लिए बीसीसीआई ने जसप्रीत बुमराह को टीम का कप्तान नियुक्त किया है, क्योंकि रोहित शर्मा कोरोना संक्रमित होने की वजह से टीम से अलग हैं। आपको बता दें कि कपिल देव के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई तेज गेंदबाज टीम इंडिया का कप्तान बना है। इस खास उपलब्धि पर बुमराह की पत्नी संजना गणेशन ने उनके परिवार की प्रतिक्रिया के बारे में बताया है।

बुमराह को कप्तानी मिलने पर मां की प्रतिक्रिया
संजना ने बताया है कि इंग्लैंड के खिलाफ बुमराह को कप्तानी मिलने से उनका परिवार बहुत ही ज्यादा खुश है और उन्हें यह भरोसा है कि इंग्लैंड के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन बहुत ही शानदार होगा। संजना ने बुमराह की मां दलजीत की प्रतिक्रिया को लेकर कहा कि जब उन्हें पता चला कि उनके बेटे को कप्तानी मिली है तो वो इस बात से बेहद खुश हुईं। संजना ने कहा कि उनका परिवार बुमराह को इस मैच में देखने के लिए काफी उत्सुक है। इस क्षण के लिए के लिए परिवार काफी गर्व महसूस कर रहा है।
आपको बता दें कि संजना गणेशन ने ICC से बातचीत में बुमराह के परिवार की प्रतिक्रिया के बारे में बताया है। आईसीसी की ओर से श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने संजना गणेशन का इंटरव्यू ले रहे थे। जयवर्धने ने संजना से बुमराह के परिवार की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा तो संजना ने कहा कि परिवार काफी उत्साहित है। जसप्रीत वैसे हमेशा ही अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन इस खास मुकाबले के लिए हमें अधिक उम्मीदें हैं।
संजना गणेशन ने आगे बताया कि जसप्रीत की मां ने भले ही कभी क्रिकेट ना खेला हो, लेकिन वो फिर भी अपने बेटे को टिप्स और ट्रिक्स भेजती रहती हैं। उन्हें देखकर काफी प्रसन्नता महसूस हो रही है. वह अपने बेटे के उपर गर्व कर रही हैं और काफी खुश हैं। संजना ने अपनी प्रतिक्रिया के बारे में बताते हुए कहा है कि मैं जानती हूं कि इस बड़े मुकाबले से पहले वो थोड़े नर्वस हैं, लेकिन उनके पास इस नर्वसनेस को कम करने का समय है।












Click it and Unblock the Notifications