VIDEO: बागेश्वर गेंद के पीछे और बाबा के पीछे भक्त! सनातन क्रिकेट लीग में दिखा ऐसा नजारा कि सब रह गए दंग
Sanatan Cricket League: क्रिकेट के मैदान पर आपने खिलाड़ियों को चौके-छक्के लगाते तो खूब देखा होगा, लेकिन क्या कभी किसी कथावाचक को बाउंड्री लाइन पर गेंद के पीछे दौड़ते और भक्तों को उनके पैर छूने के लिए बेकाबू होते देखा है? दरअसल ऐसा ही एक नजारा नोएडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित हुई 'सनातन क्रिकेट लीग' में देखने को मिला।
इस लीग में देश के जाने-माने धर्माचार्यों ने बैट और बॉल थामी, लेकिन एक वायरल वीडियो ने इस टूर्नामेंट को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। यह वीडियो बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की टीमों के बीच हुए मुकाबले का है, जिसमें चौका रोकने की कोशिश कर रहे धीरेंद्र शास्त्री का ध्यान अचानक भटक गया।

बजरंग ब्लास्टर्स के कप्तान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे। वृंदावन वॉरियर्स के कप्तान देवकीनंदन ठाकुर ने बल्ले से एक स्वीप शॉट लगाया और गेंद तेजी से बाउंड्री की ओर गई। शास्त्री जी भी गेंद को रोकने के लिए दौड़े।
इसी दौरान बाउंड्री के पीछे बैठे भक्तों में अपने 'महाराज' के पैर छूने की होड़ मच गई। भक्त एक-एक करके उनके पैरों के पास झुकने लगे, जिससे धीरेंद्र शास्त्री का ध्यान पूरी तरह गेंद से हट गया। और एक मुस्कान के साथ गेंद लेकर वापस लौट आए।
इस अनूठे चरण-स्पर्श के चलते गेंद सीधे चार रनों के लिए निकल गई। यह दृश्य धर्म और क्रिकेट के मैदान पर प्रेम के अतिरेक को दिखाता है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
VIDEO: गेंद के पीछे भागते बागेश्वर बाबा का वीडियो यहां देखें-
फाइनल में चमकी 'राघवा राइडर्स'
इस रोमांचक सनातन क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में चिन्मयानंद बापू जी महाराज की टीम RAGHAVA RIDERS (राघवा राइडर्स) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उन्होंने लीग में अपना वर्चस्व साबित करते हुए जीत दर्ज की।
लीग का उद्देश्य: बाढ़ पीड़ितों की मदद
ZEE NEWS की ओर से आयोजित इस सनातन क्रिकेट लीग का आयोजन सिर्फ मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं किया गया था, बल्कि इसका एक महान सामाजिक उद्देश्य भी था। लीग के आयोजन का मुख्य मकसद पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए धन जुटाना था। इस धनराशि का उपयोग बाढ़ प्रभावितों की सहायता और राहत कार्यों के लिए किया जाएगा।
सनातन क्रिकेट लीग: टीमें और कप्तान
टीम का नाम | कप्तान (धर्माचार्य)
- बजरंग ब्लास्टर्स | पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम)
- वृंदावन वॉरियर्स | देवकीनंदन ठाकुर
- राधे रॉयल्स | इंद्रेश उपाध्याय
- राघवा राइडर्स | चिन्मयानंद बापू जी महाराज
यह लीग 12-12 ओवर (T-twelve) के फॉर्मेट में खेली गई, जिसकी शुरुआत बाबा बागेश्वर और देवकीनंदन ठाकुर की टीमों के बीच हुए मैच से हुई। इस अनूठे टूर्नामेंट को सनातन न्यास फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications