RR vs RCB: राजस्थान ने बैंगलोर को 29 रन से हराया, पॉइंट टेबल में पहली पोजिशन की हासिल
मुंबई, अप्रैल 26। आईपीएल 2022 के 39वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी को 29 रन से मात दे दी है। 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैंगलोर की पूरी टीम 19.3 ओवर में सिर्फ 115 रनों पर ऑलआउट हो गई। राजस्थान की ओर से कुलदीप सेन और आर अश्विन की जोड़ी ने मिलकर आरसीबी के बल्लेबाजों की एक न चलने दी। इन दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 7 विकेट हासिल किए।

पॉइंट टेबल में टॉप पर राजस्थान
इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स पॉइंट टेबल में पहले पायदान पर पहुंच गई है। राजस्थान ने 8 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की है और 2 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का आज 9वां मैच था, जिसमें से उसने 5 जीते हैं और यह उसकी चौथी हार थी। आरसीबी पॉइंट टेबल में पांचवे स्थान पर है।
ऐसी रही आरसीबी की बल्लेबाजी
- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने सबसे अधिक 23 रन बनाए। इसके अलावा विराट कोहली ने एकबार फिर निराश किया। आज विराट और डुप्लेसिस ओपनिंग आए थे, लेकिन विराट 10 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हो गए। विराट का विकेट प्रसिद्ध कृष्णा ने लिया। ओपनिंग जोड़ी के अलावा आरसीबी का मिडिल ऑर्डर भी आज पूरी तरह फेल रहा।
- अर्जुन रावत की जगह टीम में आए रजत पाटीदार सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। मैक्सवेल भी आज गोल्डन डक का शिकार हुए। इसके बाद शाहबाज अहमद (17), सूयश प्रभुदेसाई (2) और दिनेश कार्तिक 6 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि दिनेश कार्तिक शाहबाज की गलती के चलते रन आउट हुए थे।
राजस्थान की गेंदबाजी
राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में आर अश्विन और कुलदीप सेन की जोड़ी ने कमाल कर दिया। इन दोनों ने मिलकर 7 विकेट लिए। इसमें सेन ने 4 और अश्विन ने 3 विकेट लिए। आर अश्विन ने इस मैच में एक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। दरअसल, अश्विन IPL में 150 विकेट लेने वाले 8वें खिलाड़ी बन गए। उन्होंने रजत पाटीदार को आउट कर ये उपलब्धि हासिल की। अश्विन IPL में 150 विकेट लेने वाले हरभजन सिंह के बाद दूसरे ऑफ स्पिनर बने।












Click it and Unblock the Notifications