RR vs CSK: नितीश राणा ने मचाया कोहराम, चेन्नई के सामने राजस्थान का चुनौतीपूर्ण स्कोर
RR v CSK: आईपीएल में गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम से नितीश राणा का बल्ला चला और उन्होंने धमाकेदार अंदाज में खेलते हुए रन बनाए। नितीश राणा ने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ डाली।
टॉस जीतकर चेन्नई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और रॉयल्स ने बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया। वह महज 4 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। इसके बाद संजू सैमसन और नितीश राणा ने मिलकर पारी आगे बढ़ाई।

दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की। इस दौरान सैमसन 20 के निजी स्कोर पर चलते बने। राणा ने तबाही मचाते हुए महज 21 गेंदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली और तेजी से खेलते हुए शतक की तरफ बढ़ गए। इस दौरान उनको अश्विन ने धोनी के हाथों स्टम्पिंग करा दिया। राणा ने 36 गेंदों में 10 चौकों और 5 छक्कों से 81 रन बनाए।
रियान पराग ने कुछ देर क्रीज पर खड़े होकर रन बनाए और फिफ्टी की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन पथिराना की एक तेज यॉर्कर ने उनको चलता किया। पराग ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की पारी खेली। जुरेल और हसारंगा ने निराश किया। दोनों ने क्रमशः 3 और 4 रन बनाए।
हेटमायर ने कुछ आकर्षक शॉट जड़े लेकिन वह 19 रन बना चलते बने। अंतिम ओवरों में चेन्नई सुपर किंग्स ने वापसी कर ली और रॉयल्स के बल्लेबाज आउट होते चले गए। पथिराना और खलील ने राजस्थान रॉयल्स को 200 का स्कोर करने से रोक दिया।
अंततः रॉयल का स्कोर 9 विकेट पर 182 रन आए। चेन्नई ने अंतिम 8 ओवरों में वापसी करते हुए सिर्फ 53 रन खर्च किये। इससे राजस्थान रॉयल्स का सपना टूट गया। हालांकि 183 का लक्ष्य कम नहीं कहा जा सकता। चेन्नई के लिए पथिराना, खलील अहमद और नूर अहमद ने 2-2 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications