Rohit Sharma फिर बन सकते हैं Mumbai Indians के कप्तान! हार्दिक पंड्या का क्या होगा? सामने आई बड़ी अपडेट
IPL 2025, Mumbai Indians Rohit Sharma: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 में रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाया था। टीम के इस फैसले के बाद फैंस ने इस पर नाराजगी जाहिर की थी। रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई को पांच बार खिताब दिलाने का कारनामा किया है। यही वजह है कि मुंबई की टीम टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक है।
मुंबई की टीम में बड़ा बदलाव
पिछले दो सीजन में मुंबई इंडियंस टीम की कोचिंग मार्क बाउचर कर रहे थे। लेकिन अब मुंबई इंडियंस ने महेला जयवर्धने को अपनी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। दरअसल, मार्क बाउचर के नेतृत्व में पिछला दो सीजन मुंबई के लिए बेहद खराब गुजरा था। ऐसे में महेला जयवर्धने को एक बार फिर टीम को संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। महेला जयवर्धने की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन शानदार रहा था।

क्या रोहित फिर बनेंगे कप्तान?
महेला जयवर्धने की वापसी के बाद ऐसी खबरें भी सामने आ रही है कि रोहित शर्मा एक बार फिर से टीम की कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। दरअसल, रोहित शर्मा को कप्तानी पद से हटाये जाने का फैसला मार्क बाउचर का रहा था, ऐसे में उनके जाने के बाद रोहित एक बार फिर मुंबई की कप्तानी करते दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में हार्दिक पंड्या उनकी कप्तानी में खेलते नजर आ सकते हैं।
रोहित और जयवर्धने की जोड़ी है कमाल
रोहित शर्मा और श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर महेला जयवर्धने के बीच साझेदारी मुंबई इंडियंस के लिए बहुत महत्वपूर्ण रही है। जिसके तहत टीम ने तीन आईपीएल खिताब जीते हैं। साल 2017 में सबसे पहले इस जोड़ी ने मिलकर टीम को जीत दिलाई और फिर 2019 और 2020 में भी यही कारनामा दोहराया।
इस ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए जयवर्धने को मुख्य कोच के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही ऐसी भी खबरें है कि रोहित शर्मा दोबारा टीम की कप्तानी कर सकते हैं। महेला जयवर्धने को मुख्य कोच के रूप में वापस लाने के फैसले ने रोहित शर्मा की कप्तान के रूप में वापसी की अफवाहों को हवा दी है।












Click it and Unblock the Notifications