Asia Cup 2023 Final: श्रीलंका के खिलाफ सिराज को 7 ओवर के बाद क्यों रोका गया? रोहित शर्मा ने किया बड़ा खुलासा
Asia Cup 2023 Final: भारत ने 17 सितंबर को आठवीं बार एशिया कप जीतकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया की घातक गेंदबाजी के आगे श्रीलंकाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 15.2 ओवर में 50 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने बिना विकेट गंवाए खिताब जीत लिया। इस बीच कप्तान रोहित शर्मा ने मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, श्रीलंका को 50 रन पर समेटने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन पर खुशी नहीं छिपा सके और उन्होंने कहा कि वे टीम को जो विविधता देते हैं वह बेहद महत्वपूर्ण है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार स्पैल (21 रन पर 6 विकेट) डाला, जिसने एशिया कप फाइनल में श्रीलंका पर भारत की 10 विकेट से जीत की नींव रखी।

रोहित ने मैच के बाद मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा कि, 'जब मैं तेज गेंदबाजों को इस तरह का प्रदर्शन करते हुए देखता हूं तो मुझे बहुत संतुष्टि मिलती है। सभी कप्तान तेज गेंदबाजी पर बहुत गर्व करते हैं, और मैं भी अलग नहीं हूं। हमारे पास तेज गेंदबाजों का एक शानदार ग्रुप है।'
रोहित ने कहा कि, 'उन सभी के पास अलग-अलग कौशल और विविधताएं हैं- कोई तेज गेंदबाजी कर सकता है, कोई गेंद को स्विंग करा सकता है, कोई अच्छा उछाल प्राप्त कर सकता है। जब आपको ये सभी पहलू एक टीम में मिलते हैं, तो यह टीम के लिए काफी अच्छा होता है।'
रोहित ने कहा कि सात ओवर के लगातार स्पैल में छह विकेट लेने के बाद सिराज इतने जोश में थे कि तेज गेंदबाज को गेंदबाजी करने से रोकने के लिए टीम ट्रेनर से बात करनी पड़ी। रोहित ने हंसते हुए कहा, 'उसने उस स्पैल में सात ओवर फेंके और मुझे ट्रेनर से संदेश मिला कि हमें उसे अब रोकना होगा। वह गेंदबाजी करने के लिए काफी बेताब था।'
सिराज की प्रशंसा करते हुए रोहित ने कहा कि, 'स्लिप में खड़े होकर उसे गेंदबाजी करता देखना बहुत अच्छा लगा। उसने लगातार एक स्पेल में सात ओवर डाले और मुझे ट्रेनर से संदेश मिला कि अब उसे रोको।' दरअसल, लगातार गेंदबाजी कर रहे सिराज को सात ओवर के बाद रोकने की वजह वर्कलोड मैनेजमेंट है ताकि वर्ल्ड कप के इतनी करीब आकर खिलाड़ी चोटिल ना हों।
वहीं, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए कुलदीप यादव की तारीफ करते हुए रोहित शर्मा ने कहा, 'कुलदीप ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया। श्रीलंका के खिलाफ सुपर फोर मैच में उसने उम्दा गेंदबाजी की और कम स्कोर के बावजूद हम वह मैच जीते।'
उन्होंने कहा, 'पिछले दो साल में उसका आत्मविश्व़ास बढा है और वह किसी भी हालात से निकालकर टीम को जीत दिला रहा है।' रोहित शर्मा ने कहा कि एशिया कप की जीत टीम के लिए सही समय पर आई है और उन्होंने अगले महीने से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले इस टूर्नामेंट से काफी सकारात्मक चीजें ली हैं।












Click it and Unblock the Notifications