PBKS vs MI: रोहित शर्मा ने बनाया छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड, किरोन पोलार्ड का कीर्तिमान तोड़ा
PBKS vs MI: रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। मुंबई को उन्होंने धाकड़ शुरुआत देने में मदद की है और बल्लेबाजी में भी तेजी देखने को मिली है। रोहित शर्मा आईपीएल में 250 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले धोनी यह काम कर चुके हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा ने धांसू बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। नई गेंद पर रोहित ने कुछ आकर्षक शॉट जड़े। इस दौरान उन्होंने 3 छक्के भी जमाए। रोहित शर्मा ने छक्कों के मामले में मुंबई इंडियंस के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

मुंबई इंडियंस से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा नम्बर एक पर आ गए हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में किरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए कुल 224 छक्के जमाए हैं। किरोन पोलार्ड उनसे पीछे हैं। पोलार्ड ने 223 छक्के जड़े हैं।
मुंबई के लिए 200 से ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी सिर्फ पोलार्ड और रोहित शर्मा ही हैं। इस लिस्ट में नम्बर तीन पर हार्दिक पांड्या आते हैं। पांड्या ने कुल 104 छक्के जड़े हैं। ईशान किशन ने 103 और सूर्यकुमार यादव ने 97 छक्के जमाए हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की। ईशान किशन महज 8 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। रोहित और सूर्यकुमार यादव मिलकर स्कोर 99 रन तक लेकर चले गए। रोहित ने 36 रन बनाए। उन्होंने 25 गेंदों का सामना किया।
सूर्यकुमार यादव ने धांसू बैटिंग करते हुए अर्धशतक जमाया। सूर्या ने 53 गेंद में 78 रन बनाए। तिलक वर्मा 18 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद लौटे और मुंबई इंडियंस का स्कोर 7 विकेट पर 192 रनों के स्कोर तक पहुंचा। पंजाब के लिए हर्षल पटेल ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications