Padma Awards 2026: रोहित और हरमनप्रीत को पद्म अवॉर्ड, दोनों वर्ल्ड कप विनर्स के फैंस में ख़ुशी की लहर
Padma Awards 2026: गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर भारत सरकार ने देश के प्रतिष्ठित 'पद्म पुरस्कारों' का ऐलान कर दिया है। इस साल खेल जगत के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी क्रिकेट के मैदान से आई है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) को पद्म श्री (Padma Shri) से सम्मानित किया गया है।
भारतीय क्रिकेट में 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने पिछले कुछ सालों में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से कई कीर्तिमान रचे हैं। वहीं, हरमनप्रीत कौर ने महिला क्रिकेट को भारत में एक नई पहचान दिलाई है। इन दोनों कप्तानों को यह सम्मान मिलना न केवल क्रिकेट फैंस बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। हरमन की कप्तानी में महिला टीम ने वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।

रोहित शर्मा को यह सम्मान उनके बेमिसाल नेतृत्व के लिए दिया गया है। 2024 में T20 वर्ल्ड कप और फिर 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की ऐतिहासिक जीत के बाद, रोहित अब भारत के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान के हकदार बने हैं। 20,000 से अधिक इंटरनेशनल रन और क्रिकेट के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है।
हरमनप्रीत कौर को वर्ल्ड कप जीतने का इनाम
वहीं, भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया है। उन्होंने भारत को उसकी धरती पर पहला ICC महिला वर्ल्ड कप दिलाकर वो इतिहास रचा, जिसका इंतजार देश बरसों से कर रहा था। एमएस धोनी के बाद वो देश की दूसरी ऐसी कप्तान बनीं जिन्होंने घरेलू सरजमीं पर वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई है।
दिवगंत कुश्ती कोच को भी सम्मान
टेनिस के महान खिलाड़ी विजय अमृतराज को इस बार पद्म भूषण सम्मान से नवाज़ा जाएगा। इसके अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पुनिया, दिवंगत जॉर्जियाई कुश्ती कोच व्लादिमीर मेस्तविरिश्विली, बलदेव सिंह, भगवंदास रायकर, के. पजानिवेल और प्रवीण कुमार को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications