'उपकप्तान होना और ना होना, किसी तरह का संकेत नहीं देता', रोहित शर्मा ने केएल राहुल पर दिया बड़ा बयान
केएल राहुल को उपकप्तानी से हटाए जाने को लेकर रोहित शर्मा ने कहा है कि किसी के उपकप्तान रहने या नहीं रहने से किसी को कोई संकेत नहीं जाता। केएल राहुल को अगले दो टेस्ट के लिए टीम की उपकप्तानी से हटा दिया गया है।
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट मैच कल से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में शुरू होगा। भारतीय टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है। इंदौर टेस्ट से पहले टीम इंडिया में इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा का विषय जो बात बनी हुई है वो यह कि क्या केएल राहुल तीसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं? केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को मौका मिलेगा या नहीं? इन सवालों का जवाब वैसे तो कल टॉस के वक्त ही मिलेगा, लेकिन मैच से एक दिन पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने केएल राहुल को उपकप्तानी से हटाने के फैसले पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है।

क्या कहा है रोहित शर्मा ने?
रोहित शर्मा ने राहुल को उपकप्तानी से हटाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि किसी का उपकप्तान होना और न होना, आपको किसी भी तरह के संकेत नहीं देता है। आपको बता दें कि जब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज हुआ था तो शुरुआती दो मैचों के लिए केएल राहुल टीम के उपकप्तान थे। ऐसे में चयनकर्ताओं के इस फैसले पर सवाल उठे थे कि जब राहुल फॉर्म में नहीं हैं तो उन्हें कप्तान क्यों बनाया गया है? कुछ लोगों का कहना था कि राहुल की टीम में जगह बनी रहे, इसीलिए उन्हें उपकप्तान बनाया गया है। ऐसे में रोहित ने ऐसे ही सवालों का जवाब दिया है।

राहुल को हटा दिया गया है उपकप्तानी से
आपको बता दें कि केएल राहुल शुरुआती दो टेस्ट मैचों में टीम के उपकप्तान थे, लेकिन अब सीरीज के आखिरी दो टेस्ट के लिए चयनकर्ताओं ने उन्हें उपकप्तानी से हटा दिया है, इसलिए अब यह माना जा रहा है कि इंदौर में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए राहुल को टीम से बाहर किया जा सकता है और उनकी जगह शुभमन गिल को खिलाया जा सकता है। शुभमन गिल को अंतिम एकादश में शामिल करने की मांग काफी दिनों से हो रही है। कई दिग्गज खिलाड़ी राहुल की जगह गिल को प्लेइंग इलेवन में रखने की बात कह चुके हैं।

कल ही होगा प्लेइंग इलेवन पर फैसला
इस स्थिति में भी लगता है केएल राहुल तीसरे टेस्ट में टीम के अंदर अपनी जगह बनाने में कामयाब रहेंगे, क्योंकि राहुल के सपोर्ट में कप्तान से लेकर कोच तक जुटे हुए हैं। दिल्ली टेस्ट जीतने के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने यह स्पष्ट कर दिया था कि राहुल जैसे खिलाड़ी बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेट होते हैं, उन्हें टीम मैनेजमेंट का समर्थन हमेशा मिलता रहेगा। राहुल द्रविड़ ने कहा था कि केएल राहुल ने कई विदेशी टीमों के खिलाफ शतक लगाए हैं। हालांकि कल के मैच की प्लेइंग कल ही टॉस के वक्त जारी की जाएगी। रोहित शर्मा ने यह जानकारी दी है।












Click it and Unblock the Notifications