रोहित शर्मा और विराट कोहली को पूरी तरह टी20 टीम से बाहर किया जाएगा, पांड्या बनेंगे कप्तान
रोहित शर्मा और विराट कोहली हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ समाप्त हुई टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे। पांड्या टीम के कप्तान थे।

Rohit Sharma and Virat Kohli future in T20I Team: रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम इंडिया के लिए पिछले एक दशक से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और सबसे छोटे प्रारूप में भी दोनों ने अहम भूमिका निभाई है। अगले साल वेस्टइंडीज और अमेरिका में टी20 वर्ल्ड कप होना है। इसे देखते हुए बीसीसीआई अब सबसे छोटे प्रारूप में नए खिलाड़ियों को आजमाने पर विचार कर रही है। ऐसे में रोहित और विराट को भविष्य के लिए टीम में शामिल शायद नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो हार्दिक पांड्या को बोर्ड स्थायी टी20 कप्तान बनाने पर विचार कर रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप की सोच रहा बोर्ड
एनडीटीवी ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा है कि अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए बीसीसीआई ने युवाओं को मौका देने का निर्णय लिया है। इस प्रारूप में हार्दिक पांड्या अहम नाम होंगे और उनको लम्बे समय तक कप्तान बनाया जा सकता है। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर बात की जा सकती है।

रोहित और विराट हैं उपलब्ध
आने वाले समय में टी20 क्रिकेट के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा ने खुद को उपलब्ध बताया है। हालांकि चेतन शर्मा की अगुवाई वाली नई चयन समिति रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ भविष्य की चर्चा कर सकती है। बीसीसीआई हार्दिक पांड्या की कप्तानी में एक नई और युवा टीम को टी20 प्रारूप में खिलाना चाहती है।

श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में संकेत
जब श्रीलंका के खिलाफ हार्दिक पांड्या को टी20 प्रारूप के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया था, तो यह एक संकेत था। आने वाले समय में पांड्या को पूर्ण कप्तान बनाने के लिए इसे एक टेस्ट कहा जा सकता है। पांड्या इसमें खरे उतरे हैं। भारतीय टीम ने श्रीलंका को 2-1 से सीरीज में हराया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किये गए थे। वनडे टीम में दोनों वापस आए हैं। पांड्या की कप्तानी को देखते हुए कई पूर्व क्रिकेटरों ने उनको टी20 कप्तान बनाने की मांग भी कर डाली थी।












Click it and Unblock the Notifications