11 साल पहले ही सूर्या को लेकर रोहित शर्मा ने कर दी थी ये भविष्यवाणी, अब वायरल हुआ ट्वीट
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) T20I क्रिकेट में भारत की ओर से शतक लगाने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं।
नॉटिंघम, 11 जुलाई: सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) T20I क्रिकेट में भारत की ओर से शतक लगाने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। सूर्या ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मुकाबले में टारगेट का पीछा करते हुए शानदार शतक ठोका। वह 55 गेंदों पर 117 रन की आतिशी पारी खेलकर पवेलियन लौटे। अपनी पारी में उन्होंने 14 चौके और 6 छक्के लगाए। सूर्या की इस पारी के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का 11 साल पुराना ट्वीट जमकर वायरल हो रहा है।

रोहित ने पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी
दरअसल, रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव को लेकर 10 दिसंबर, 2011 में एक ट्वीट किया था जो सोशल मीडिया पर एक बार फिर से चर्चा का केंद्र बना हुआ है। हिटमैन ने ट्वीट में सूर्या की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने लिखा था, ''अभी चेन्नई में BCCI के पुरस्कार समारोह में शामिल हुआ। कुछ रोमांचक क्रिकेटर आ रहे हैं। इन्हीं में से मुंबई से आने वाले एक सूर्यकुमार यादव भी है, जिनको मैं भविष्य में खेलते हुए देखना चाहता हूं।''
Just got done with BCCI awards here in chennai..some exciting cricketers coming up..Suryakumar yadav from Mumbai to watch out for in future!
— Rohit Sharma (@ImRo45) December 10, 2011

पिछले साल मिला था डेब्यू का मौका
सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ मार्च में टी20 डेब्यू किया था। यह कहना गलत नहीं होगा कि बहुत ही कम समय में सूर्या मध्यक्रम में भारतीय बल्लेबाजी की जान बन गए हैं। अभी तक खेले 19 T20I मैचों में स्टाइलिश बल्लेबाज ने 38.36 की औसत और 177.23 के तूफानी स्ट्राइक रेट के साथ कुल 537 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 17 पारियों में 4 फिफ्टी और 1 शतक देखने को मिला।

टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री पक्की
इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है। इस बड़े टूर्नामेंट के लिए सूर्यकुमार यादव ने लगभग अपना नाम अभी से पक्का कर लिया है। सूर्या टीम की जरूरत के हिसाब से बल्लेबाजी करने में माहिर है। वह मौका मिलने पर ओपनिंग भी कर सकते हैं और टीम को बढ़िया फिनिशिंग टच भी प्रदान कर सकते हैं। ये उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत है। हालांकि, पिछले साल यूएई में खेले गए वर्ल्ड कप में वह फ्लॉप रहे थे और 4 मैचों में केवल 42 रन ही बना सके थे, लेकिन इस बार टीम इंडिया और फैंस को उनसे बहुत उम्मीदें रहेंगी।

टीम इंडिया 17 रन से हारी मुकाबला
सूर्यकुमार यादव ने शतक जरूर लगाया, लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत न दिला सकी। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 215/7 का विशाल स्कोर बनाया था। 216 रनों के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम 9 विकेट पर 198 का स्कोर ही बना सकी और मुकाबला हार गई। आखिरी मैच में मिली हार के बाद भी टीम इंडिया ने 2-1 से टी20 सीरीज पर कब्जा जमाया।












Click it and Unblock the Notifications