Asia Cup 2023: एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाएंगे BCCI अध्यक्ष और उपाध्यक्ष? सामने आया बड़ा अपडेट
Asia Cup 2023: एशिया कप के 16वें संस्करण का आगाज 30 अगस्त से होने जा रहा है, जिसका फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा। प्रतिष्ठित कॉन्टिनेंटल कप के लिए रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम अपना पहला मैच 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका के कैंडी में खेलेगी। इस बीच खबर मिली है कि बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी मैच देखने के लिए पाकिस्तान जाएंगे।
एशिया कप के मैच देखने पाकिस्तान जाएंगे रोजर बिन्नी और राजीव शुक्ला?
बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट में बाबर आजम की अगुवाई वाली पाक टीम मुल्तान में पहले मैच में नेपाल से भिड़ेगी। पीसीबी (PCB) द्वारा प्रस्तावित हाइब्रिड मॉड्यूल के अनुसार, टूर्नामेंट के 4 मैच पाकिस्तान में और बाकी श्रीलंका में खेले जाएंगे।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पीसीबी के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और 4-7 सितंबर तक लाहौर में रहेंगे, इस दौरान वे एशिया कप के कुछ मैच देखेंगे।पीसीबी के निमंत्रण के बाद यह समझा जाता है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को उन्हें दिए गए निमंत्रण को स्वीकार करने के लिए भारतीय बोर्ड की मंजूरी मिल गई है।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखने भी जा सकते हैं अधिकारी
एजेंसी ने मामले से जुड़े एक सूत्र के हवाले से कहा कि, 'बिन्नी, शुक्ला और सचिव जय शाह 2 सितंबर को पल्लेकेले (कैंडी) में भारत बनाम पाकिस्तान के प्रमुख मुकाबले के लिए श्रीलंका में होंगे। तीनों 3 सितंबर को भारत वापस आएंगे जिसके बाद बीसीसीआई अध्यक्ष और उपाध्यक्ष वाघा बॉर्डर से लाहौर तक यात्रा करेंगे।
बिन्नी और शुक्ला को रात्रिभोज के लिए किया आमंत्रित
दरअसल, बिन्नी और शुक्ला को 4 सितंबर को लाहौर के गवर्नर हाउस में पीसीबी द्वारा आयोजित होने वाले आधिकारिक रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया गया है। बीसीसीआई के दो गणमान्य व्यक्ति 5 सितंबर को अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका मैच और अगले दिन पाकिस्तान का शुरुआती सुपर फोर मैच देखेंगे।
दरअसल, दोनों पड़ोसियों (भारत-पाक) के बीच तनावपूर्ण राजनयिक संबंधों के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट लंबे समय से नहीं खेला गया है। दोनों टीमें केवल आईसीसी और महाद्वीपीय आयोजनों में एक-दूसरे के साथ खेलती हैं और पाकिस्तान इस साल के अंत में एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारत की यात्रा करने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications