Roger Binny, 36th BCCI President: कपिल देव को पागल बुलाते थे रोजर बिन्नी, जानिए क्या है इसकी वजह?
Roger Binny BCCI President: मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को रोजर बिन्नी के रूप में नया अध्यक्ष मिल गया है। वो बीसीसीआई के 36वें अध्यक्ष बने हैं । उनसे पहले ये कुर्सी मशहूर क्रिकेटर सौरव गांगुली के पास थी। सबको उम्मीद थी कि गांगुली ही दोबारा से अध्यक्ष बन जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ और आज बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक में बिन्नी को प्रेसिडेंट चुन लिया गया। 67 साल के रोजर बिन्नी क्रिकेट जगत का लोकप्रिय चेहरा रहे हैं और खास बात ये रही कि वो निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं, वो अकेले ही इस पद के उम्मीदवार थे। मालूम हो कि दादा यानी कि गांगुली इस पोस्ट पर साल 2019 से विराजमान थे। बिन्नी इस वक्त कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद को संभाल रहे थे लेकिन अब बीसीसीआई के अध्यक्ष बनने के बाद वो अब ये पोस्ट को छोड़ देंगे।

आपको बता दें कि एंग्लों-इंडियन रोजर बिन्नी इस वक्त बैंगलुरु में रहते हैं, वो साल 1983 में विश्वकप जीतने वाली इंडियन टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रह चुके हैं। मिडियम पेसर रोजर ने उस विश्वकप में सबसे ज्यादा 18 विकेट लिए थे। मिजाज से काफी मस्त मौला रोजर बिन्नी ने हाल ही में उस स्वर्णिम जीत से जुड़ी बहुत सारी बातें हिंदुस्तान टाइम्स से शेयर की थीं, जिसमें उन्होंने बातों-बातों में ये बताया था कि वो टीम इंडिया के तत्कालीन कप्तान कपिल देव को पागल कहकर बुलाया करते थे।

उन्होंने हंसते हुए बताया था कि 'कपिल देव को मैं पागल कहता था क्योंकि उनके अंदर हार ना मानने वाला कीड़ा है, उनकी जिद, कुछ कर गुजरने की चाह और जीत के लिए दिन-रात मेहनत करने का जुनून था। उस वक्त टीम में मैं, मदन लाल और बलविंदर सिंह संधू तीनों ही स्विंग वाले बॉलर थे लेकिन इंग्लैंड के हालात दूसरे थे और उस वक्त हमारे साथ ना थकने वाला पागल बॉलर केवल एक ही था और वो थे कपिल, जिनकी बातें हमेशा प्रोत्साहित करती थीं, हालांकि उनकी अंग्रेजी मेरी हिंदी से बढ़िया थी और हम समझ जाते थे कि वो क्या कहना चाहते हैं लेकिन मैंने आज तक उनके जैसा क्रेजी मैन नहीं देखा।'

आपको बता दें कि कपिल देव ने भी एक इंटरव्यू में बताया था कि 'रोजर उनकी विनिंग टीम के सबसे मजबूत पार्ट थे, उन्हें बताना ही नहीं पड़ता था कि कहां बॉल फेंकनी है, कहां नहीं। वो क्लासिक प्लेयर हैं। '

मालूम हो कि इंडिया के लिए खेलने वाले इस शानदार प्लेयर ने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोचिंग सेंटर चलाना शुरू किया था और युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ जैसे धुरंधर उन्हीं के सानिध्य में आगे बढ़े हैं और इस बात के लिए वो दोनों अक्सर बिन्नी की तारीफ भी करते हैं। आपको बता दें कि रोजर बिन्नी 2000 में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के हेड कोच भी रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications