ऋषि धवन के 'चश्मे' से भड़ककर रायडू ने खेली जबरदस्त पारी! वसीम जाफर ने निकाला पुराना कनेक्शन
नई दिल्ली, 26 अप्रैल: आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच हुए मुकाबले के दौरान ऋषि धवन द्वारा पहना गया फेसगार्ड चर्चा का विषय बन गया। ये खिलाड़ी गेंदबाजी करते हुए भी इस फेसगार्ड को पहन रहा था और यह देखने में बड़ा ही अजीबोगरीब लग रहा था। क्रिकेट के खेल में कोई मीडियम पेसर चश्मा लगाकर भी बॉलिंग नहीं करता है लेकिन ऋषि धवन ने तो पूरा माथा ही कवर किया हुआ था और यह अपने आप में फैंस के लिए बड़ी उत्सुकता की बात बन गई कि ऋषि धवन ने आखिर यह क्या बला लगाई है।

अंबाती रायडू अपने चरम पर थे-
ऋषि धवन हिमाचल प्रदेश के कप्तान हैं और वे आईपीएल में 6 साल के बाद लौट रहे हैं। दरअसल इस खिलाड़ी को रणजी ट्रॉफी खेलते हुए सिर में गेंद लग गई थी जिसके चलते उनको हॉस्पिटल में भर्ती भी कराना पड़ा। उसी चोट को आगे बढ़ने से रोकने के लिए ऋषि धवन यह फेस शिल्ड लगाकर खेल रहे थे। दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अंबाती रायडू जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे थे। एक बार को तो अंबाती रायडू ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मैच को जिताने की उम्मीदें पूरी चरम पर भी पहुंचा दी थी।

अंबाती रायडू के इस रौद्र रूप के पीछे की वजह
पंजाब किंग्स द्वारा सेट किए गए 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंबाती रायडू 39 गेंदों पर 78 रनों की जबरदस्त पारी खेलकर आउट हुए जिसमें उन्होंने 7 चौके और 6 छक्के लगाए और वह कैगिसो रबाडा की गेंद पर बोल्ड आउट हुए। लेकिन अंबाती रायडू का रौद्र अवतार अपने आप में अनोखा था क्योंकि यह बल्लेबाज इतनी प्रचंड फॉर्म में नहीं चल रहा था कि वे अकेले दम पर ही चेन्नई सुपर किंग्स को मैच जिताने की स्थिति में दिखाई दें।
लेकिन इस मुकाबले में अंबाती रायडू कुछ अलग ही अंदाज में खेल रहे थे। वसीम जाफर ने अंबाती रायडू के इस रौद्र रूप के पीछे की वजह को बड़े मजाकिया अंदाज में बताया है।
Recommended Video

राडयू का 3डी कनेक्शन-
दरअसल जब भी ऋषि धवन दिखते तो उनका फेस गार्ड किसी आधुनिक चश्मे जैसा दिखाई दे रहा था। यह तो सभी जानते हैं कि अंबाती रायडू को चश्मों से कितना प्यार है! यह बात छुपी हुई नहीं है कि 2019 के वर्ल्ड कप में जब तत्कालीन चीफ सिलेक्टर एमएसके प्रसाद ने विजय शंकर को वर्ल्ड कप की टीम में चुना था और अंबाती रायडू को बाहर निकाल दिया था तो उन्होंने कारण बताया था कि हमको एक 3D खिलाड़ी की जरूरत है।

वसीम जाफर ने निकाला पुराना कनेक्शन-
अंबाती रायडू को यह बात काफी चुभी थी और उन्होंने उसके बाद ट्विटर पर एक पोस्ट की थी और कहा था कि- मैंने वर्ल्ड कप देखने के लिए 3D चश्मों का एक जोड़ा मंगवा लिया है।
वसीम जाफर ने इसी बात को लेकर एक मजेदार पोस्ट की है और कहा है कि अंबाती रायडू आज और भी अधिक आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे ऐसा लगता है कि ऋषि धवन के चश्मों ने उनको कुछ और चीजों की याद दिला दी।

चेन्नई मैच नहीं जीत सकी-
रायडू के आउट होने के बाद भी यह मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स जीत सकती थी लेकिन महेंद्र सिंह धोनी इस बार वह कारनामा नहीं दोहरा सके जो उन्होंने पिछले मुकाबले में जयदेव उनादकट के खिलाफ किया था। अंतिम ओवर भी ऋषि धवन फेंक रहे थे और धोनी ने उनकी पहली गेंद पर छक्का भी जड़ दिया था लेकिन उसके बाद धवन ने वापसी करते हुए धोनी को आउट किया। ऋषि धवन ने इस मैच में 4 ओवर फेंके 39 रन दिए और 2 विकेट लेने में कामयाबी भी हासिल की। इसके साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम प्लेऑफ की रेस से अब बाहर होने लगी है क्योंकि उनके आठ मुकाबलों में चार ही अंक है और वह नौवें स्थान पर बैठे हैं।












Click it and Unblock the Notifications