World Cup 2023: एशिया कप के बाद वर्ल्ड कप से भी बाहर हो सकते हैं ऋषभ पंत, रिकवरी को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट
Rishabh Pant: ऋषभ पंत के सितंबर में एशिया कप और इस साल अक्टूबर-नवंबर में भारत में होने वाले विश्व कप में नहीं खेलने का अनुमान है। क्रिकेटर को फिलहाल, बिना किसी मदद के चलने में कम से कम कुछ हफ्ते लग सकते हैं।

World Cup 2023: भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाजी ऋषभ पंत की मैदान पर वापसी को लेकर अभी भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। हालांकि, आईपीएल के 16वें सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स का सपोर्ट करने के लिए अरुण जेटली स्टेडिमय का दौरा किया, जहां उन्हें बैसाखियों के सहारे चलते देखा गया है। सड़क हादसे के बाद से वह अब तक काफी रिकवरी कर चुके हैं। इस बीच वनडे विश्वकप और एशिया कप को लेकर पंत के लिए बुरी खबर सामने आई है।
ऋषभ पंत का एशिया कप और विश्व कप में खेलना मुश्किल
दरअसल, दुर्घटना के बाद से रिकवरी कर रहे ऋषभ पंत को बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषभ पंत का एशिया कप और विश्व कप में खेलना मुश्किल है। पूरी तरह से फिट नहीं होने के कारण पंत इन दो बड़े टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सितंबर में होने वाले एशिया कप और इस साल अक्टूबर-नवंबर में भारत में होने वाले विश्व कप में पंत के नहीं खेलने का अनुमान है।
बिना किसी सपोर्ट के चलने में अभी पंत को लगेगा समय
क्रिकबज की एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि पंत के करीबी लोगों ने कहा है कि क्रिकेटर को फिलहाल, बिना किसी मदद के चलने में कम से कम कुछ हफ्ते लगेंगे। हालांकि, वह तेजी से रिकवरी करते हैं तो अगले साल जनवरी तक मैदान पर वापस आ सकते हैं। पंत पिछले साल 30 दिसंबर को घर जाते समय उत्तराखंड के रुड़की में कार दुर्घटना का शिकार हो गए थे, जिसके बाद से वह धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं।
जल्द ही हो सकती है ऋषभ पंत की दूसरी सर्जरी
वहीं दूसरी ओर बीसीसीआई से भी उन्हें हर संभव मदद मिल रही है। जनवरी में पंत के लिगामेंट टियर की सर्जरी हुई थी। मुंबई में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में सेंटर फॉर स्पोर्ट्स मेडिसिन के प्रमुख और आर्थ्रोस्कोपी एंड शोल्डर सर्विस के निदेशक डॉ दिनशॉ पारदीवाला द्वारा निगरानी की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, पंत की दूसरी सर्जरी होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications