पंत को वर्ल्ड कप से बाहर रखना भारत के लिए होगी बेस्ट चीज, '4-5 नंबर पर फिट नहीं बैठता ये खिलाड़ी'
नई दिल्ली, 20 सितंबर: भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर को ऋषभ पंत टी20 वर्ल्ड कप की टीम में फिट नहीं लगते हैं। सब जानते हैं कि पंत की फॉर्म टी20 में हाल में खराब रही है। कई लोगों का मानना है कि पंत की जगह पर दिनेश कार्तिक को प्लेइंग इलेवन में जगह देनी चाहिए। भारत ने एशिया कप में दोनों खिलाड़ियों को एक ही टीम में खिलाया भी था लेकिन यह प्रयोग खास काम नहीं कर पाया। फिलहाल पंत को बाहर रखना इतना आसान नहीं है क्योंक जडेजा के बाहर जाने के बाद एकमात्र पंत ही भरोसेमंद और अनुभवी बाए हाथ के बल्लेबाज बचते हैं।

पंत ने मिडिल ऑर्डर पर कुछ खास परफॉरमेंस नहीं दी
जाफर का मानना है कि पंत ने मिडिल ऑर्डर पर कुछ खास परफॉरमेंस नहीं दी है जिसके चलते दिनेश कार्तिक उनसे आगे हो जाते हैं।
भारतीय टीम आज से मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच खेलने जा रही है और जाफर ने प्लेइंग इलेवन पर बात करते हुए पंत की जगह पर कार्तिक को लेने की बात कही है। जाफर कार्तिक और अक्षर पटेल को एक साथ इलेवन में देखना चाहते हैं क्योंकि यही इनको आजमाने का समय है।

अक्षर पटेल ने काफी अच्छा काम किया है
जाफर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है हाल में अक्षर पटेल ने काफी अच्छा काम किया है, तो मुझे नहीं पता कि भारत उन पर भरोसा क्यों नहीं करना चाहेगा, क्योंकि वे अपनी बैटिंग से टीम को मैच जिता चुके हैं।
जाफर आगे कहते हैं कि भारत को ये तय करना होगा कि पंत को खिलाना चाहिए या नहीं। भारतीय टीम ने पंत के बारे में बहुत ज्यादा सोच लिया है। पंत बहुत जबरदस्त भी रहे हैं। वे टेस्ट और वनडे क्रिकेट में मैच जिताने वाली पारियों को अंजाम दे चुके हैं लेकिन टी20 में ऐसा नहीं हो रहा है, यहां कि आईपीएल में भी ऐसा नहीं कर पा रहे हैं।

पंत को वर्ल्ड कप से बाहर करना भारत के लिए बेस्ट चीज
"तो भारत को तय करना होगा वे पंत के साथ बने रहेंगे या वे दिनेश कार्तिक को खिलाना चाहते हैं, जिन्होंने आईपीएल में बहुत भरोसेमंद तरीके से बैटिंग की थी। पर्सनली मुझे नहीं लगता कि पंत चार या पांच नंबर पर फिट हो पाते हैं। वे ओपनर के तौर पर बेस्ट रहेंगे लेकिन नहीं लगता कि उनको ये पोजिशन दी जाएगी। मुझे लगता है कि ऋषभ पंत को वर्ल्ड कप से बाहर करना भारत के लिए बेस्ट चीज रहेगी।"












Click it and Unblock the Notifications