IND vs ENG: जीत के बाद Rishabh Pant ने रवि शास्त्री को दी शैंपेन की बोतल, VIDEO वायरल
आखिरी मैच में टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे ऋषभ पंत (Rishabh Pant)... पंत ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई और मैदान के हर एक कोने में खूब चौके-छक्के जमाए।
मैनचेस्टर, 18 जुलाई: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीतकर अपने नाम की। आखिरी मैच में टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे ऋषभ पंत (Rishabh Pant)... पंत ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई और मैदान के हर एक कोने में खूब चौके-छक्के जमाए। वह 113 गेंदों में 125 रन बनाकर नाबाद लौटे। वनडे क्रिकेट में ये उनका पहला शतक रहा। इस धमाकेदार प्रदर्शन के लिए ऋषभ को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो लगातार वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- 'पहला वनडे शतक जिंदगी भर याद रखूंगा', पंत को इंग्लैंड में खेलकर मजा आ गया

पंत से मिला तोहफा
दरअसल, ऋषभ पंत को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिलने के साथ-साथ उन्हें एक शैम्पेन की बोतल भी दी गई। पंत को जैसे ही ये बोतल मिली वो तुरंत कमेंट्री टीम के साथ मैदान पर मौजूद पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) के पास जा पहुंचे और उन्हें ये शैम्पेन की बोतल तोहफे में दे दी। सोशल मीडिया पर पंत का ये वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है। पंत का ये जेस्चर देख फैंस खुशी से झूम उठे और शास्त्री भी अपनी खुशी छूपा नहीं पाए।
Pant offering his champagne to Ravi Shastri#INDvENG #OldTrafford #Pant #TeamIndia pic.twitter.com/n9HguNNuID
— Tejesh R. Salian (@tejrsalian) July 17, 2022

शास्त्री को किया जाता है ट्रोल
टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री को हमेशा सोशल मीडिया पर उनके मस्तमौला और अतरंगी अंदाज के लिए ट्रोल किया जाता है। फैंस द्वारा उनके काफी MEME भी बनाए जाते हैं। अपनी ट्रोलिंग पर एक बार शास्त्री ने कहा था, ''फैंस ये सिर्फ मजे के लिए करते हैं। मुझे हंसी आती है। कोई बात नहीं मेरे खर्चे पर आप सब लोग हंसो और एंजॉय करो।''

छा गए ऋषभ पंत
2018 में अपने वनडे करियर का आगाज करने वाले ऋषभ पंत का इस फॉर्मेट में ये पहला शतक रहा। इस मैच से पहले लिमिटेड ओवर क्रिकेट में उनकी खराब फॉर्म को लेकर चर्चा की जा रही थी। क्रिकेट के कई जानकारों का ऐसा मानना था कि पंत की जगह बेंच पर बैठे ईशान किशन का आजमाना चाहिए, लेकिन उन्होंने मैनचेस्टर में बेहतरीन पारी खेलकर सभी आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया। इससे पहले एजबेस्टन में खेले गए रिशेड्यूल पांचवें टेस्ट मैच में भी ऋषभ पंत ने पहली पारी में ताबड़तोड़ 146 रनों की शातकीय पारी खेली थी।

5 विकेट से जीता भारत
मैच में इंग्लैंड टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 259 के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई थी। कप्तान जोस बटलर (60) टॉप स्कोरर रहे। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपनी झोली में डाले। उनके अलावा 3 विकेट चहल के खाते में आए। भारत ने 260 रन का लक्ष्य 43वें ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पंत की शतकीय पारी के अलावा हार्दिक ने गेंद के बाद बल्ले से भी अपनी छाप छोड़ी। उन्होंने 55 गेंदों पर 71 रन की धमाकेदार पारी खेली। हार्दिक पांड्या को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। जानकारी के लिए बता दें कि भारत ने 2014 के बाद इंग्लैंड की धरती पर वनडे सीरीज जीती है।

पंत को मिला ब्रेक
इंग्लैंड सीरीज के बाद ऋषभ पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए ब्रेक दिया गया है। पंत की जगह संजू सैमसन और ईशान किशन टीम में बतौर विकेटकीपर नजर आएंगे। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे के बाद खेली जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए ऋषभ पंत को टीम का हिस्सा बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications