Rinku Singh का तूफानी शतक, 48 गेंदों में जड़ दिए 108 रन, Asia Cup से पहले किया बड़ा धमाका
Rinku Singh Century: एशिया कप 2025 के लिए रिंकू सिंह को टीम में शामिल किया गया है। पिछले कुछ समय से वह टीम इंडिया में फिनिशर की भूमिका निभा रहे हैं। यूपी टी20 लीग के एक मुकाबले में रिंकू ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि सब देखते रह गए। मेरठ मैवरिक्स की ओर से खेलते हुए रिंकू ने गोरखपुर लॉयंस के खिलाफ सिर्फ 48 गेंदों में 108 रन ठोक डाले। इस पारी में उनके बल्ले से 7 चौके और 8 लंबे छक्के निकले।
रिंकू सिंह ने जड़ा शतक (Rinku Singh Century)
इस मैच में मेरठ की हालत शुरू में खराब थी। 168 रन के टारगेट का पीछा करते हुए टीम का स्कोर सिर्फ 38/4 था और ऐसा लग रहा था कि मैच हाथ से निकल जाएगा। लेकिन रिंकू ने मोर्चा संभाला और अकेले दम पर टीम को 6 विकेट से शानदार जीत दिलाई। यह पारी सिर्फ टीम के लिए ही नहीं बल्कि रिंकू के लिए भी बेहद अहम रही। एशिया कप से पहले शतक जड़कर रिंकू ने फॉर्म का परिचय दिया है।

एशिया कप से फॉर्म में लौटे रिंकू
दरअसल, हाल के दिनों में रिंकू का फॉर्म कुछ खास नहीं रहा था। पिछले 11 पारियों में उन्होंने सिर्फ एक ही पचासा लगाया था। आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा। इसके बावजूद सेलेक्टर्स ने उन पर भरोसा दिखाते हुए उन्हें एशिया कप टीम में शामिल किया। इस पारी से रिंकू ने दिखा दिया कि उनका कॉन्फिडेंस वापस आ गया है।
एशिया कप में दिखाना होगा दम
रिंकू सिंह के लिए यह एशिया कप बेहद अहम है। वर्ल्ड कप 2024 में वह जगह नहीं बना पाए थे, लेकिन अब 2026 के लिए उनकी नजरें टिकी हैं। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गजों के रिटायर होने के बाद टीम में नए चेहरों को मौका मिलेगा और रिंकू के पास खुद को साबित करने का बड़ा चांस है। ऐसे में एशिया कप में रिंकू से बल्ले से रनों का अंबार लगाना चाहेंगे।
यूएई की पिचें बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं, ऐसे में अगर रिंकू अपने टी20 अंदाज़ में खेलते रहे तो टीम इंडिया को एक मजबूत फिनिशर मिल सकता है। फैंस भी यही उम्मीद कर रहे हैं कि रिंकू एशिया कप में भी ऐसे ही शॉट्स बरसाते रहें। अब सबकी नजरें इस पर होंगी कि क्या रिंकू सिंह अपनी इस फॉर्म को एशिया कप में भी जारी रख पाएंगे और टीम इंडिया की जीत में बड़ी भूमिका निभा पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications