IPL 2022 में तीसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए विराट कोहली, जानें क्यों हो रहे हैं लगातार फ्लॉप
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 54वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर प्लेऑफ की रेस में अपनी जगह बरकरार रखने के लिये रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। आरसीबी की टीम ने वानखेड़े पर खेले जा रहे इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया तो वहीं पर केन विलियमसन टॉस हारकर नाखुश नजर नहीं आये, क्योंंकि वो रनों को चेज करना ही चाहते थे।

सीएसके के खिलाफ 13 रनों से जीत हासिल करने वाली आरसीबी की टीम जहां इस मैच में भी अपनी लय को बरकरार रखना चाहती है तो वहीं पर हार की हैट्रिक झेल चुकी सनराइजर्स हैदराबाद एक बार फिर से जीत की राह पर लौटना चाह रही है। इसी को देखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने दो बदलाव करते हुए एबॉट और श्रेयस गोपाल को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया और अफगानिस्तान के फजलहक फारूकी और जगदीश सुचित को खेलने का मौका दिया।
और पढ़ें: LSG vs KKR: फिर फ्लॉप हुआ कोलकाता का टॉप ऑर्डर, हार के साथ प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हुई केकेआर
Recommended Video

IPL 2022 में तीसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए कोहली
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले ही ओवर में बड़ा दांव लगाते हुए जगदीश सुचित को गेंद थमाई और उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर अपने कप्तान के विश्वास को सही करार दिया। आरसीबी के लिये विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस पारी का आगाज करने उतरे लेकिन जगदीश सुचित ने पहली ही गेंद पर विराट कोहली को केन विलियमसन के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। उल्लेखनीय है कि आईपीएल के 15वें सीजन में यह तीसरी बार है जब विराट कोहली गोल्डन डक का शिकार हुए हैं। इसके साथ ही पहली बार हुआ है जब विराट कोहली आईपीएल के इतिहास में एक ही सीजन में दो बार किसी एक ही टीम के खिलाफ गोल्डन डक का शिकार हुए हों, कोहली सनराइजर्स हैदरबाद के खिलाफ खेले गये पहले मैच में भी पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले वापस लौटे थे, जबकि लखनऊ सुपर जाएंटस के खिलाफ भी वो पहली ही गेंद पर डक का शिकार हुए थे।

इस खास लिस्ट में शामिल हुए जगदीश सुचित
विराट कोहली के लिये यह सिर्फ गोल्डन डक नहीं था बल्कि पारी की पहली ही गेंद पर आउट होने की वजह से यह डायमंड डक बन गया। जगदीश सुचित ने पहली ही गेंद पर विराट कोहली का विकेट लेकर अपना नाम उन गेंदबाजों की लिस्ट में शुमार करा लिया जिन्होंने आईपीएल के इतिहास में कोहली को खाता नहीं खोलने दिया। कोहली को डक पर आउट करने वाले गेंदबाजों की बात करें तो आशीष नेहरा (बनाम मुंबई इंडियंस, 2008), संदीप शर्मा (बनाम पंजाब किंग्स, 2014), नाथन कुल्टर नाइल (बनाम केकेआर, 2017), दुष्मंता चमीरा (बनाम पंजाब किंग्स, 2022), मार्को येंसन (बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 2022) और अब जगदीश सुचित का नाम शामिल है।

इससे पहले पूरे आईपीएल करियर में 3 बार हुए थे डक का शिकार
कोहली इस सीजन से पहले आईपीएल के इतिहास में महज 3 बार ही डक का शिकार हुए थे लेकिन इस सीजन 3 बार आउट होकर उन्होंने इस संख्या को 6 कर दिया है। कोहली के लिये आईपीएल 2022 का सीजन कुछ खास नहीं रहा है, जहां पर खेलते हुए उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 216 रन ही बनाये हैं। इस दौरान कोहली के बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक (58) आया है तो वहीं पर एक 48 रनों की पारी तो वहीं पर एक 30 रनों की पारी खेली है। हालांकि बाकी की 8 पारियों में वो सिर्फ 39 रन ही बना सके हैं, जिसमें से 7 बार वो पहली 10 गेंदों के अंदर आउट होकर वापस लौटे हैं।

इस वजह से खराब चल रही है फॉर्म
ऐसे में उनकी खराब फॉर्म के पीछे की वजह पर नजर डालें तो सबसे बड़ा कारण यही नजर आयेगा कि वो मैदान पर उतरने के बाद पहली 10 गेंदों में ही अपना विकेट गंवा दे रहे हैं। कोहली ने इस सीजन 3 पारियों में पहली गेंद पर अपना विकेट खोया तो वहीं पर तीसरी, छठी, 7वीं और 10वीं गेंद पर भी अपना विकेट गंवाया है। ऐसे में फॉर्म में वापस लौटने के लिये कोहली को कम से कम शुुरुआती 10 गेंदों में संभलकर खेलना होगा और जैसे ही वो कुछ अच्छी पारियां खेल लेंगे तो फैन्स को दोबारा से रन मशीन देखने को मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications