RCB vs GT IPL 2026: चिन्नास्वामी में बेंगलुरु की आखिरी अग्निपरीक्षा, क्या पिच बिगाड़ेगी गुजरात का खेल?
RCB vs GT IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच आज एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक ऐसी टक्कर होने जा रही है, जो दोनों टीमों के लिए साख का सवाल बन गई है। अंक तालिका में 4 जीत के साथ RCB फिलहाल सुरक्षित दिख रही है, लेकिन गुजरात के लिए 3 जीत का आंकड़ा खतरे की घंटी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। आइए जानतें हैं आज मैदान पर किसका पलड़ा भारी रहने वाला है।
चिन्नास्वामी की पिच जो कभी बल्लेबाजों की स्वर्ग मानी जाती थी, अब सीजन के बढ़ने के साथ-साथ अपना रंग बदलने लगी है। आज के मैच के लिए उसी पिच (नंबर 6) का उपयोग किया जाएगा, जिस पर चेन्नई और लखनऊ के मैच हुए थे। बेंगलुरु में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से यह डेक (पिच) काफी ज्यादा सूख गया है, जिससे गेंद रुककर आएगी और स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है।

बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा आज का मुकाबला
पिछले दो मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 150-170 के बीच सिमट गया है, जो संकेत देता है कि आज 200 रनों का आंकड़ा पार करना आसान नहीं होगा। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम बिना किसी संकोच के पहले गेंदबाजी करना चाहेगी, क्योंकि शाम को ओस (Dew) का रोल भी अहम हो सकता है।
बेंगलुरु में कैसा रहेगा आज का मौसम?
बेंगलुरु शहर इस समय लू और भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज पूरे दिन आसमान साफ रहेगा लेकिन तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने वाला है। 'हीट वेव' की स्थिति ने पिच की तैयारी को भी प्रभावित किया है, जिससे मैदान और ज्यादा धीमा हो गया है।
खिलाड़ियों के लिए क्या होगी सबसे बड़ी चुनौती?
खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती मैदान पर उमस और गर्मी के बीच खुद को फिट रखने की होगी। हालांकि, दर्शकों के लिए राहत की बात यह है कि बारिश की दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं है, जिससे पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा।
RCB की टीम में बदलाव और भुवनेश्वर का खौफ
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली बेंगलुरु टीम दिल्ली के खिलाफ मिली हार के बाद अब नए सिरे से शुरुआत करना चाहती है। टीम मैनेजमेंट रोमारियो शेफर्ड के खराब फॉर्म से चिंतित है, जिन्होंने अब तक न तो बल्ले से रन बनाए हैं और न ही गेंद से विकेट झटके हैं। उनकी जगह जैकब बेथेल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
वहीं, अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आज गुजरात के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। भुवी का रिकॉर्ड गुजरात के टॉप-3 बल्लेबाजों के खिलाफ बेहद खतरनाक रहा है; उन्होंने जोस बटलर को 7 बार और शुभमन गिल को 4 बार अपना शिकार बनाया है।
गुजरात टाइटंस को किस बात की है चिंता?
गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ी समस्या उनका 'टॉप ऑर्डर' बन गया है। पिछले मैच में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 99 रनों के बड़े अंतर से हराया था, जहां गिल, सुदर्शन और बटलर की तिकड़ी सस्ते में पवेलियन लौट गई थी। टीम मैनेजमेंट अब मिडिल ऑर्डर को मजबूती देने के लिए कुमार कुशाग्र को मौका देने पर विचार कर रहा है। गेंदबाजी की बात करें तो कगिसो रबाडा की फॉर्म में वापसी गुजरात के लिए राहत की खबर है। साथ ही, चिन्नास्वामी की सूखी पिच को देखते हुए राशिद खान की फिरकी आज आरसीबी के बल्लेबाजों को दिन में तारे दिखा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications