RCB vs DC: अकेले गेम पलटकर केएल राहुल ने बताया कौन है बेंगलुरु का किंग? सरेआम किया इशारा
RCB vs DC: आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच के दौरान पल-पल में रोमांच देखने को मिला, शुरुआत तेज होने के बाद मैच में रन बनने बंद हुए और गेंदबाजों ने जलवा दिखाया, मुकाबले में केएल राहुल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
दिल्ली कैपिटल्स के सामने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए आरसीबी ने पहले विकेट के लिए 61 रन हासिल किये। कोहली और फिल सॉल्ट क्रीज पर थे। सॉल्ट अच्छा खेलते हुए 17 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हो गए। कोहली भी 22 रन बनाकर चलते बने।

तेज शुरुआत के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने वापसी कर ली और इसका पूरा क्रेडिट उनके स्पिनरों को जाता है। विप्रज निगम और कुलदीप यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों ही गेंदबाज 2-2 विकेट हासिल करने में सफल रहे।
आरसीबी जब 150 से कम स्कोर पर रुकने वाली थी, तब टिम डेविड का बल्ला चला। अंतिम दो ओवरों में उन्होंने गेम का पासा पलट दिया और ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। डेविड 4 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर लौटे और आरसीबी का स्कोर 7 विकेट पर 163 रनों तक पहुंचा दिया। कुलदीप यादव और निगम ने 2-2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में दिल्ली की खराब शुरुआत रही। फाफ डू प्लेसी, फ्रेजर मैकगर्क और अभिषेक पोरेल सस्ते में निपट गए। भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआत में ही दो विकेट अपने नाम कर आरसीबी का पलड़ा भारी करने का काम किया। दिल्ली ने 10 ओवर के अंदर 4 विकेट गंवाए लेकिन केएल राहुल टिक गए।
इस मैच के टर्निंग पॉइंट की बात की जाए, तो केएल राहुल ही वह खिलाड़ी है जिसने मैच अकेले ही दिल्ली कैपिटल्स की तरफ झुका दिया। केएल राहुल ने स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 111 की भागीदारी की। पांचवें विकेट के लिए दिल्ली की यह सबसे बड़ी भागीदारी है, इससे पहले रॉस टेलर और डुमिनी ने 110 रन जड़े थे। राहुल ने 7 चौके और 6 छक्कों से 53 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए, स्टब्स ने नाबाद 38 रन बनाए।
केएल राहुल ने जीत दिलाने के बाद इशारा करके बता दिया कि बेंगलुरु उनका होम ग्राउंड है और यहाँ के किंग सिर्फ वही हैं। हालांकि लोग कोहली और आरसीबी के लिए चीयर्स कर रहे थे लेकिन राहुल ने पूरी तरह से महफ़िल लूट ली।












Click it and Unblock the Notifications