Yash Dayal: 'लाखों रुपये उधार लिए, आईफोन और लैपटॉप भी,' यौन शोषण के आरोपों पर यश दयाल ने तोड़ी चुप्पी
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का खिताब जीतने के बाद अचानक मुश्किलों में घिरे RCB के स्टार गेंदबाज यश दयाल (Yash Dayal) ने अब इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने खुद पर लगे यौन शोषण के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए महिला के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं और एक-एक बात खुलकर बोली है।
यश दयाल ने दावा किया कि महिला ने उनके आईफोन और लैपटॉप की चोरी की, लाखों रुपये उधार लिए और अब झूठे आरोप लगाकर उन्हें फंसा रही है।

शादी का झांसा देकर 'यौन शोषण' करने का मामला
दरअसल, गाजियाबाद की एक महिला ने उनके खिलाफ शादी का झांसा देकर 'यौन शोषण' करने का मामला दर्ज कराया। इस मामले में अब दयाल ने प्रयागराज पुलिस में महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत भी दर्ज कराई है।
यश दयाल ने बताया कैसे हुई जान-पहचान
27 वर्षीय इस तेज गेंदबाज ने खुल्दाबाद थाने में महिला के खिलाफ मामला दर्ज करने की अपील की है। NDTV को मिली शिकायत में यश ने महिला पर आईफोन और लैपटॉप चुराने का आरोप लगाया है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने प्रयागराज पुलिस को यह भी बताया कि 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए उनकी महिला से जान-पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
'इलाज के बहाने उनसे लाखों रुपये उधार लिए'
यश दयाल ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला ने अपने और अपने परिवार के इलाज के बहाने उनसे लाखों रुपये उधार लिए थे और चुकाने का वादा किया था, लेकिन आज तक ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया है कि महिला ने खरीदारी के लिए भी उनसे बार-बार पैसे उधार लिए थे। क्रिकेटर का दावा है कि उनके पास इन दावों के सबूत हैं।
अब कानूनी लड़ाई शुरू
दयाल ने यह भी कहा कि जब उन्हें पता चला कि महिला ने उनके खिलाफ गाजियाबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, तो उन्होंने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया। यश दयाल ने तीन पन्नों की शिकायत में महिला और उसके परिवार के दो सदस्यों समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने रविवार को इंदिरापुरम थाने में दयाल (27) के खिलाफ बीएनएस धारा 69 (शादी का झूठा वादा सहित धोखे से यौन संबंध बनाना) के तहत एफआईआर दर्ज कराई।
एक महिला द्वारा 21 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के माध्यम से शिकायत करने के बाद यह कार्रवाई की गई। महिला ने आरोप लगाया कि जिस क्रिकेटर के साथ वह पांच साल से रिश्ते में थी, उसने उसका शारीरिक शोषण किया।
RCB से IPL ट्रॉफी, अब कानूनी पिच पर संघर्ष
यश दयाल इस साल IPL 2025 की विजेता टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा थे। उनके प्रदर्शन की खूब सराहना हुई थी, लेकिन अब वे निजी विवादों में उलझ चुके हैं। यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
यश दयाल बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं जिन्होंने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे या टी20I) में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं किया है, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में उनका प्रदर्शन चर्चा में रहा है। उन्होंने अब तक आईपीएल में 43 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 871 गेंदें फेंककर कुल 41 विकेट चटकाए हैं।
उनकी गेंदबाजी औसत 33.90, इकॉनॉमी रेट 9.58 और स्ट्राइक रेट 21.24 रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 विकेट पर 20 रन (3/20) है। बल्लेबाजी की बात करें तो उन्होंने 4 पारियों में सिर्फ 4 रन बनाए हैं और उनका बैटिंग एवरेज 1.33 रहा है। यश दयाल हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए IPL 2025 खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे।












Click it and Unblock the Notifications