RCB ने IPL मैचों के लिए फाइनल किए दो स्टेडियम, किन शहरों में जाकर खेलेगी किंग कोहली की टीम
RCB New Venue: क्रिकेट की दुनिया में अगर किसी टीम और स्टेडियम का रिश्ता सबसे पवित्र माना जाता था, तो वह था रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और एम चिन्नास्वामी स्टेडियम। IPL 2026 में यह रिश्ता टूटने जा रहा है। आरसीबी अब अपने होम मैच बेंगलुरु के बाहर खेलेगी। वेन्यू बदल जाने से दर्शकों को निराशा होने वाली है।
अक्सर हार के बाद टीमें बदलाव करती हैं, लेकिन आरसीबी के साथ उल्टा हुआ। IPL 2025 में खिताब जीतने का जश्न बेंगलुरु की सड़कों पर मातम में बदल गया था। उस 'विक्ट्री परेड' के दौरान हुई भगदड़ और कानूनी पचड़ों ने फ्रेंचाइजी को यह कड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया। अब रिपोर्ट्स के अनुसार आरसीबी अगले आईपीएल में दो वेन्यू पर खेलेगी और बेंगलुरु से बाहर मुकाबले होंगे।

RCB के दो नए वेन्यू कौन से होंगे?
TOI के अनुसार आरसीबी ने अपने नए ठिकाने के तौर पर रायपुर और नवी मुंबई को चुना है। लेकिन सवाल यह है कि क्या रायपुर की लाल मिट्टी पर विराट कोहली को वही 'चिन्नास्वामी' वाला प्यार मिलेगा? क्या नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम वह 'आरसीबी-आरसीबी' का शोर पैदा कर पाएगा जो बेंगलुरु की हवाओं में रहता था?
विशेषज्ञों का मानना है कि रायपुर का स्टेडियम आकार में बड़ा है, जो गेंदबाजों को थोड़ी राहत देगा, लेकिन फैंस के लिए बेंगलुरु की वह कनेक्टिविटी और इमोशन ढूंढ पाना नामुमकिन होगा।
कोहली के लिए चिन्नास्वामी रहा है घर
विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का हर एक पल इसी मैदान पर जिया है। चिन्नास्वामी की छोटी बाउंड्री और फैंस का शोर उनकी बल्लेबाजी की ताकत रही है। नए मैदानों पर खुद को ढालना विराट और उनकी टीम के लिए IPL 2026 की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा होगी। दर्शक कोहली की वजह से ही वहां आते हैं, पिछले सीजन की विक्ट्री परेड के दौरान भी कोहली के कारण भीड़ जमा हुई थी। हालांकि नए वेन्यू के लिए पुणे भी दौड़ में था लेकिन शायद अब आरसीबी ने मन बदल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications