विंडीज दौरे पर टीम इंडिया को बड़ा झटका, रवींद्र जडेजा चोट की वजह से नहीं खेलेंगे पहले दो वनडे
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 22। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के आगाज के साथ ही टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के धाकड़ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चोटिल हो गए हैं, जिसकी वजह से उन्हें विंडीज के खिलाफ पहले दो वनडे से बाहर कर दिया गया है। बीसीसीआई ने एक ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी है। ट्वीट में कहा गया है, "टीम के हरफनमौला ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के दाहिने घुटने में चोट लगी है, जिसकी वजह से वो पहले दो वनडे नहीं खेल पाएंगे।"

जडेजा की जगह अक्षर पटेल टीम में
बीसीसीआई की ओर से आगे कहा गया है कि जडेजा को फिलहाल मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया है और दो वनडे के बाद ही मेडिकल टीम यह तय करेगी कि जडेजा आखिरी वनडे में खेल पाएंगे या नहीं। पहले वनडे में जडेजा की जगह प्लेइंग इलेवन में अक्षर पटेल को शामिल किया गया है। हालांकि जडेजा का टीम से बाहर होना बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर देखा गया था कि जडेजा फॉर्म में थे। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में जडेजा ने अच्छा प्रदर्शन किया था।
वनडे सीरीज में रोहित की जगह धवन हैं कप्तान
आपको बता दें कि वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा समेत विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत को आराम दिया गया है। रोहित की जगह शिखर धवन टीम की कप्तानी कर रहे हैं। धवन पिछले साल श्रीलंका दौरे पर भी टीम इंडिया के कप्तान थे। रोहित शर्मा और ऋषभ पंत टी20 सीरीज में वापस आ जाएंगे, लेकिन विराट और बुमराह को टी20 सीरीज से भी ब्रेक दिया गया है। आज पहले वनडे में वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications