अश्विन ने पत्नी से कहा- 'ऑस्ट्रेलिया सीरीज मेरी आखिरी...,' गेंदबाज को क्यों सताने लगा था करियर खत्म होने का डर
Ravichandran Ashwin: रविचंद्रन अश्विन ने अपनी पत्नी पृथ्वी से कहा था कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (इस साल की शुरुआत में) घरेलू सीरीज उनकी आखिरी सीरीज बन सकती है।
Ravichandran Ashwin: टीम इंडिया के अनुभवी ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन के आंकड़े उनकी काबिलियत और अनुभव को बयां करते हैं। स्पिनर ने अपनी गेदबाजी से अच्छे-अच्छे बल्लेबजों के पसीने छुड़ाए हैं। यही कारण है कि, जब उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली तो, जमकर बवाल हुआ। इस बीच अश्विन ने एक इंटरव्यू में बड़ा खुलासा किया है।
अश्विन के जीवन में एक ऐसा दौर भी आया जब एक चोट ने उन्हें अपने करियर के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया। दरअसल, अश्विन ने अपनी पत्नी पृथ्वी से कहा था कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (इस साल की शुरुआत में) घरेलू सीरीज उनका आखिरी टूर्नामेंट बन सकती है।

इंडियन एक्सप्रेस के साथ इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि, 'सिर्फ विकेटों या रनों के कारण नहीं बल्कि मैंने अपने जीवन में जो कुछ भी किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है,' घुटने की समस्या के बारे में बात करते हुए अश्विन ने कहा कि उन्हें लगा कि कुछ समय पहले उनका करियर समाप्ति के कगार पर था।
उन्होंने कहा कि, 'जब मैं बांग्लादेश से वापस आया तो मैंने अपनी पत्नी से कहा कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज मेरी आखिरी सीरीज बन सकती है। मेरे घुटने में कुछ समस्या थी। मैंने वाइफ से कहा कि मैं अपने एक्शन में बदलाव करने की सोच रहा हूं, क्योंकि गेंद की लैंडिग के समय मेरा घुटना थोड़ा मुड़ रहा था। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट से सूजन बढ़ गई थी। अंत में मैं अपने 2013-14 वाले बॉलिंग एक्शन पर लौट आया।'
उन्होंने यह भी कहा कि, वह चोट से उबरने के लिए बैंगलोर में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी गए। इसके बाद अश्विन ने गेंदबाजी शुरू की, और फिर उन्हें घुटने के दर्द से आराम मिला। टेस्ट मैच में शामिल होने से पहले उन्होंने कुछ दिन नागपुर में प्रैक्टिस भी की।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि 'मुझे प्लेयर ऑफ द सीरीज पुरस्कार पर गर्व है।' अश्विन ने फाइनल न खेलने पर कहा कि, 'इसका जवाब देना थोड़ा मुश्किल है। हमने अभी ही फाइनल खेला है। मैं फाइनल खेलना पसंद करता, यही नहीं मैंने पिछले फाइनल में अच्छी गेंदबाजी की थी और 4 विकेट चटकाए थे।'












Click it and Unblock the Notifications