क्या हुआ था उस दिन? रविचंद्रन अश्विन ने ख़ुद खोला राज़, क्यों अचानक लिया संन्यास
रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के बीच में ही रिटायरमेंट लेकर चौंका दिया था। उन्होंने इस बारे में कोई प्रतिक्रिया भी नहीं दी और प्रेस वार्ता में संन्यास का ऐलान करने के अगले दिन भारत लौट आए। उन्होंने इसका कोई कारण भी नहीं बताया था।
अब अश्विन की तरफ से एक प्रतिक्रिया सामने आई है। स्काई स्पोर्ट्स को उन्होंने एक साक्षात्कार दिया है। नासिर हुसैन और माइकल अथर्टन के साथ अश्विन ने बातचीत की और अपने रिटायरमेंट को लेकर एक अहम खुलासा भी कर दिया है।

अश्विन ने कहा कि आप हमेशा खुद से एक सवाल करते हैं कि क्या मेरा यह निर्णय सही है? मेरा मामला अलग था और मैं नहीं जानता कि इसे किस तरह पेश किया जाए। मैंने कभी असुरक्षित महसूस नहीं किया और चीजों को पकड़कर रहने वाला इंसान भी नहीं रहा। ऐसा नहीं सोचता कि आज मेरा है, वह कल भी होगा।
अश्विन को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला सातवाँ गेंदबाज होने को लेकर भी सवाल किया गया और पूछा गया कि क्या आप संतुष्ट हैं? उनका जवाब था कि मैं लम्बे समय तक सातवें नम्बर पर नहीं रहने वाला हूँ क्योंकि नाथन लायन मुझे पीछे छोड़ देंगे। मैं आठवें नम्बर पर रहकर भी खुश रहूँगा।
पूर्व भारतीय ऑफ़ स्पिनर ने कहा कि खेल ही हमेशा मुझसे आगे रहता है। मैंने ऐसा सोचा था कि जिस दिन जागने पर मुझे लगेगा कि मेरे कौशल का कोई भविष्य या दिशा नहीं है, मैं उस दिन इस खेल को छोड़ दूंगा। हमेशा मैंने चीजों को काफी सहज होकर छोड़ने का प्रयास किया है।
गौरतलब है कि अश्विन ने अपने करियर में 106 टेस्ट मैच खेलकर कुल 537 विकेट अपने नाम किये। नाथन लायन अभी उनसे पीछे हैं लेकिन यह फासला काफी कम है। अश्विन को पीछे छोड़ने के लिए लायन को महज 5 विकेट की दरकार है। वह 538वां विकेट लेते ही उनसे आगे निकल जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications